SRH vs RCB, Toss: आरसीबी ने टॉस जीतकर चुनी गेंदबाजी, हैदराबाद ने किए कई बदलाव, जानें प्लेइंग 11
Sunrisers Hyderabad vs Royal Challengers Bangalore, Toss Updates: हैदराबाद की टीम प्लेऑफ से बाहर हो चुकी है। लेकिन वह अपने बचे हुए दोनों मैच जीतना चाहेगी।

SRH vs RCB, 65th Match, Indian Premier League 2023: राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में आरसीबी के कप्तान फाफ डुप्लेसिस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। आरसीबी की कोशिश हैदराबाद को कम से कम स्कोर पर रोककर बाद में टारगेट चेज करने की होगी।
इस सीजन पहला मुकाबला: सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच इस सीजन यह पहला मैच है। आईपीएल 2023 में दोनों ही टीम एक-दूसरे के खिलाफ पहली बार भिड़ने वाली है। हैदराबाद की तुलना में आरसीबी का सफर अब तक अच्छा रहा है। यही वजह है कि आरसीबी के पास अभी भी प्लेऑफ में पहुंचने का मौका बना हुआ है।
आरसीबी के लिए जीत जरूरी: प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए आरसीबी को हर हाल में हैदराबाद के खिलाफ जीत दर्ज करना होगा। लेकिन फाफ डुप्लेसिस की टीम के लिए यह इतना आसान नहीं होगा। हैदराबाद के होमग्राउंड पर आरसीबी का रिकॉर्ड निराशाजनक रहा है। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर अपने दोनों मैच जीतकर प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर सकती है।
हैदराबाद में सिर्फ एक जीत: आईपीएल के इतिहास में हैदराबाद के मैदान पर आरसीबी को सिर्फ एक ही जीत मिली है। यहां दोनों टीमों के बीच 7 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें सनराइजर्स हैदराबाद ने 6 मुकाबले और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने महज 1 में जीत अपने नाम की है। ऐसे में इस मैदान पर हैदराबाद का पलड़ा भारी दिखाई पड़ता है।
ऐसे देखें लाइव मैच: सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के बीच यह मुकाबला राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है। इस मुकाबले का लाइव टेलीकास्ट स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क के अलग-अलग चैनल्स पर अलग-अलग भाषाओं में किया जाएगा। जबकि लाइव स्ट्रीमिंग जियो सिनेमा एप पर फैंस फ्री में देख सकते हैं।
सनराइजर्स हैदराबाद की प्लेइंग-11: अभिषेक शर्मा, राहुल त्रिपाठी, एडेन मार्करम (कप्तान), हेनरिच क्लासेन (विकेटकीपर), हैरी ब्रूक, ग्लेन फिलिप्स, अब्दुल समद, कार्तिक त्यागी, मयंक डागर, भुवनेश्वर कुमार, नितीश रेड्डी।
रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर की प्लेइंग-11: विराट कोहली, फाफ डुप्लेसिस (कप्तान), ग्लेन मैक्सवेल, महिपाल लोमरोर, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), माइकल ब्रेसवेल, अनुज रावत, वेन पार्नेल, कर्ण शर्मा, हर्षल पटेल, मोहम्मद सिराज।












Click it and Unblock the Notifications