IPL 2023: श्रीलंका और बांग्लादेश के खिलाड़ियों को किया जाएगा शैडो बैन, जानें इससे क्या होगा?
IPL 2023: बांग्लादेश और श्रीलंका के खिलाड़ी फ़िलहाल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलने में व्यस्त हैं। ऐसे में उनके खिलाड़ियों को एनओसी नहीं मिल पाई है।

IPL 2023: आईपीएल के इस सीजन में बांग्लादेश और श्रीलंका के कुछ खिलाड़ियों को मौका दिया गया लेकिन वे शुरुआती चरण में नहीं खेल पाएंगे। अंतरराष्ट्रीय प्रतिबद्धताओं के कारण ऐसा होगा। दोनों क्रिकेट बोर्ड अपने खिलाड़ियों को एनओसी नहीं दे रहे हैं। ऐसे में आईपीएल टीमों को नुकसान उठाना पड़ेगा। बीसीसीआई ने इस तरह की चीजों को रोकने की दिशा में कदम बढ़ाने का निर्णय लेते हुए खिलाड़ियों को 'शैडो बैन' करने पर विचार किया है।
श्रीलंका की टीम इस समय न्यूजीलैंड में खेल रही है, वहीं बांग्लादेश टीम आयरलैंड के खिलाफ खेलने में व्यस्त है। ऐसे में खिलाड़ी आईपीएल में कुछ मैचों से दूर रहेंगे। मई में भी बांग्लादेश के खिलाड़ियों को आयरलैंड के खिलाफ खेलना है। ख़बरों के अनुसार आईपीएल टीमों और बीसीसीआई ने इन देशों के खिलाड़ियों को 'शैडो बैन' करने का निर्णय लिया है। भारतीय बोर्ड इस रवैये के कारण बीसीबी और श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड से नाराज है।
टीमों और बोर्ड का मानना है कि समय पर खेलने के लिए नहीं आ सकते, तो रजिस्टर नहीं करना चाहिए। इससे खिलाड़ियों के लिए नकारात्मक माहौल भी बनेगा और आने वाले समय में आईपीएल में टीमें इनको खरीदने से भी कतराएंगी। आईपीएल का पहला मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स और गुजरात टाइटंस के बीच 31 मार्च को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
लिटन दास और शाकिब अल हसन को केकेआर ने खरीदा है और मुस्ताफिजुर रहमान को दिल्ली कैपिटल्स ने खरीदा है। तीनों खिलाड़ी आईपीएल में देरी से आएँगे। माहीश तीक्ष्णा और मथीशा पथिराना को चेन्नई सुपर किंग्स ने खरीदा है। वनिंदु हसारंगा को आरसीबी ने खरीदा है। ये तीनों भी देरी से आएँगे।
शैडो बैन का मतलब यह होता है कि कोई खिलाड़ी रजिस्टर करेगा तो भी उसे टीमें नहीं खरीदेंगी। आपसी सहमति से टीमों के बीच इन खिलाड़ियों को नहीं खरीदने का निर्णय लिया जाएगा। रजिस्ट्रेशन के बाद नीलामी पूल में आने के बाद भी इनके ऊपर कोई भी टीम बोली नहीं लगाएगी। 2022 में एडम जैम्पा के साथ नीलामी में ऐसा हुआ था। इस बार जेसन रॉय को भी किसी टीम ने नहीं खरीदा था। ये खिलाड़ी शैडो बैन का उदाहरण हैं। परमानेंट बैन पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर लगा हुआ है।












Click it and Unblock the Notifications