PBKS vs LSG: 14 छक्के...27 चौके, पंजाब को मिला 258 रनों का लक्ष्य, महज दूसरी बार हुआ ऐसा
Punjab Kings vs Lucknow Super Giants: पंजाब किंग्स के खिलाफ लखनऊ सुपर जायंट्स के बल्लेबाजों ने मैदान पर चौके-छक्कों की बारिश कर दी।

PBKS vs LSG, 38th Match, Indian Premier League 2023: मोहाली के आईएस बिंद्रा स्टेडियम में चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली। लखनऊ सुपर जायंट्स ने पंजाब किंग्स के सामने जीत के लिए 258 रनों का लक्ष्य रखा है।
लखनऊ ने रचा इतिहास: लखनऊ ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर 257 रन बनाए। आईपीएल इतिहास में सिर्फ दूसरी बार कोई टीम 250 रनों से अधिक रन बनाने में सफल रही है। शिखर धवन की कप्तानी वाली पंजाब को इस मैच में जीत हासिल करने के लिए बल्ले से धमाकेदार प्रदर्शन करना होगा।
काइल मेयर्स ने जड़ा अर्धशतक: लखनऊ के लिए काइल मेयर्स ने ताबड़तोड़ शुरुआत की। मेयर्स ने महज 20 गेंदों पर आईपीएल करियर का चौथा अर्धशतक जड़ने का काम किया। लखनऊ के लिए मेयर्स ने 24 गेंदों में सात चौके और चार छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली। मेयर्स ने पावरप्ले के दौरान ही टीम को 74 रन तक पहुंचा दिया था।
स्टोइनिस ने बनाए 73 रन: लखनऊ सुपर जायंट्स के ऑलराउंडर खिलाड़ी मार्क्स स्टोइनिस ने लखनऊ के लिए धमाकेदार पारी खेली। उन्होंने 40 गेंदों में 73 रन बनाने का काम किया। अपनी पारी के दौरान मार्क्स स्टोइनिस छह चौके और पांच छक्के लगाने का काम किया। निकलोस पूरन के साथ उन्होंने ताबड़तोड़ साझेदारी की। पूरन ने 19 गेंदों में 45 रन बनाए।
आयुष बदोनी ने भी दिखाया शानदार खेल: युवा बल्लेबाज आयुष बदोनी ने भी पंजाब के खिलाफ अपने बल्ले का दम दिखाया। आयुष बदोनी 24 गेंदों में 43 रन बनाकर आउट हुए। आउट होने से पहले उन्होंने टीम को एक बड़े स्कोर की तरफ अग्रसर कर दिया। बदोनी को दूसरी तरफ से मार्क्स स्टोइनिस का भी साथ मिला।
केएल राहुल का नहीं चला बल्ला: लखनऊ की तरफ से सिर्फ कप्तान केएल राहुल का बल्ला खामोश रहा। कगिसो रबाडा ने केएल राहुल को शाहरुख खान के हाथों कैच कराया। वह नौ गेंदों में 12 रन बना सके। राहुल के आउट होने के बाद लखनऊ के बल्लेबाजों ने पंजाब के गेंदबाजों पर जमकर हल्ला बोल दिया।
पंजाब किंग्स: शिखर धवन (कप्तान), अथर्व तायदे, सिकंदर रजा, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), लियाम लिविंगस्टोन, शाहरुख खान, सैम करन, हरप्रीत बरार, कगिसो रबाडा, राहुल चाहर और अर्शदीप सिंह।
लखनऊ सुपरजायंट्स: केएल राहुल (कप्तान), काइल मेयर्स, दीपक हुड्डा, मार्कस स्टोइनिस, क्रुणाल पांड्या, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), आयुष बदोनी, नवीन-उल-हक, रवि बिश्नोई, आवेश खान, यश ठाकुर।












Click it and Unblock the Notifications