IPL 2023: मधवाल की गेंदबाजी का कमाल, आईपीएल में रिकॉर्ड के 'आकाश' पर पहुंचे MI के नए 'इंजीनियर'
IPL 2023 Records: आकाश मधवाल ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए एलिमिनेटर मैच में कई रिकॉर्ड्स बनाए। आईपीएल 2023 में मुंबई इंडियंस के गेंदबाज ने जबरदस्त आंकड़े दर्ज किए हैं।

IPL 2023 in Hindi: आईपीएल 2023 में 7 पारियां, 13 विकेट और 12.84 का औसत! किसी गेंदबाज को अपने सफलतम आईपीएल सीजन के लिए और क्या चाहिए। अपने पहले सीजन में हैरतअंगेज आंकड़े हासिल करने वाले यह गेंदबाज है मुंबई इंडियंस के आकाश मधवाल (Akash Madhwal)। और ध्यान दें, सीजन अभी समाप्त नहीं हुआ है, तो संख्या में इजाफा संभव है।
मधवाल का कमाल- क्रिकेट में थोड़ी देर से एंट्री करने वाली आकाश की उम्र 29 साल है। वे दाए हाथ से तेज गेंदबाजी करते हैं और इस बॉलिंग ने ताजा सीजन में कमाल किया हुआ है। आकाश ने 24 मई की शाम लखनऊ सुपर्जायंट्स के खिलाफ 5 रन देकर 5 विकेट हासिल करके अपनी टीम को 81 रनों से मैच जिताने में अहम भूमिका अदा की।
बिना इफ एंड बट के बेस्ट बॉलिंग- मुंबई इंडियंस की टीम सही समय पर क्लिक कर गई है और वे अब गुजरात टाइटंस से कहीं अधिक कॉन्फिडेंस के साथ दूसरे क्वालीफायर में उतरेंगे। आकाश बेजोड़ रहे हैं और उन्होंने आईपीएल के प्लेऑफ में किसी भी गेंदबाज के द्वारा सर्वश्रेष्ठ बॉलिंग करने का आंकड़ा दर्ज किया है।
आकाश से पहले डग बॉलिंगर ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए डेक्कन चार्जर्स के खिलाफ 13 रन देकर चार विकेट लिए थे। मधवाल ने 23 साल पुराना रिकॉर्ड चकनाचूर कर दिया। इतना ही नहीं, ये आईपीएल में किसी भी अनकैप्ड प्लेयर के द्वारा की गई सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी है।
इससे पहले अंकित राजपूत ने 2018 में किंग्स इलेवन पंजाब के लिए खेलते हुए 14 रन देकर पांच विकेट लिए थे। अनकैप्ड वे प्लेयर होते हैं जिन्होंने अभी टीम इंडिया की जर्सी नहीं पहनी है।
लीग के इतिहास में टॉप-5 में जगह: आईपीएल कितनी बड़ी लीग है यह बताने की जरूरत नहीं है और इसके 16 सीजन हो चुके हैं। इन 16 सीजन में सैकड़ों मुकाबले हो चुके हैं जिसमें आकाश ने पांचवीं सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी करके दिखाई है। आईपीएल में बेस्ट बोलिंग का रिकॉर्ड मुंबई इंडियंस के लिए अलजारी जोसेफ ने 2019 में बनाया था। जोसेफ ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 12 रन देकर छह विकेट लिए थे।
पांच विकेट लेने वाले भारतीयों में बेस्ट- मजेदार बात यह है कि आकाश ने इस पूरे आईपीएल इतिहास में 5 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में बेस्ट इकोनामी रेट निकाला है जो 1.4 का है। आकाश ने 3.3 ओवर फेंके और 5 रन ही दिए। इससे पहले अनिल कुंबले ने 5 रन देकर 5 विकेट हासिल किए थे लेकिन उनका इकोनामी रेट 1.57 था। भारत के जसप्रीत बुमराह भी 2022 में 10 रन देकर 5 विकेट हासिल कर चुके हैं और उनका इकोनामी रेट 2.50 था।
2018 से था इंतजार- आकाश ने मैच के बाद कहा है कि वे लंबे समय से प्रैक्टिस कर रहे हैं और अपने मौके का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग पूरी कर ली है लेकिन क्रिकेट उनका जुनून रहा है और इसके लिए वे 2018 से इंतजार कर रहे थे।
आकाश कहते हैं, "जब मैं नेट में प्रैक्टिस करता हूं तो मैनेजमेंट हमें टारगेट देता है और हम उसको हासिल करने के लिए अपना बेस्ट देते हैं। आने वाले मैचों में भी अच्छा करने की उम्मीद कर रहा हूं और टीम के चैंपियन बनने की भी आशा है। मेरे लिए निकोलस पूरन का विकेट सबसे अच्छा रहा।"












Click it and Unblock the Notifications