IPL 2023: 'मयंक नहीं रहेंगे पंजाब किंग्स के कप्तान'; फ्रेंचाइजी ने कहा, हमारे अधिकारी ने नहीं दिया ऐसा बयान
हाल ही में खबर आई थी कि आईपीएल 2023 से पहले पंजाब किंग्स अपने कप्तान को बदलने पर विचार कर रही है। पंजाब ने पिछले सीजन ही मयंक अग्रवाल को टीम की कमान सौंपी थी।
नई दिल्ली, 24 अगस्त: हाल ही में खबर आई थी कि आईपीएल 2023 से पहले पंजाब किंग्स अपने कप्तान को बदलने पर विचार कर रही है। पंजाब ने पिछले सीजन ही मयंक अग्रवाल को टीम की कमान सौंपी थी। इससे पहले फ्रेंचाइजी ने अपने कोच अनिल कुंबले का कॉन्ट्रैक्ट आगे नहीं बढ़ाने का फैसला लिया था। पंजाब किंग्स अपने अगले कोच के लिए इयोन मॉर्गन और ट्रेवोर बेलिस जैसे दिग्गजों से सम्पर्क में हैं, हालांकि अभी इसको लेकर कुछ अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। वहीं कप्तान बदलने के फैसले पर अब PBKS का आधिकारिक बयान सामने आया है।

क्या है पूरा मामला
कुछ दिनों पहली ही इनसाइडस्पोर्ट्स की एक रिपोर्ट में दावा किया गया था, "मयंक अग्रवाल की बात करें तो फ्रेंचाइजी उनको रिलीज नहीं करेगी और ना ही ट्रेडिंग करेगी, वह टीम का हिस्सा रहेंगे लेकिन कप्तानी नहीं करेंगे। पंजाब किंग्स के एक अधिकारी के मुताबिक, "मयंक अग्रवाल हमारे अगले कप्तान नहीं होंगे। वह अपनी बल्लेबाजी पर फोकस करेंगे। मयंक पंजाब किंग्स के महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं। वहीं अनिल कुंबले के बारे में अधिकारी ने कहा था, हम इसको लेकर बात कर रहे हैं, विकल्प तालाश रहे हैं लेकिन अभी कुछ अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है। अभी हमारे पास इसको लेकर समय है, हम सही समय पर आखिरी फैसला करेंगे।"

पंजाब ने किया खंडन
इसके बाद बुधवार 24 अगस्त को पंजाब किंग्स ने अपने ऑफिशियल ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया। इसमें उन्होंने मयंक अग्रवाल के कप्तान नहीं रहने की खबर का खंडन किया। अपने ट्वीट में पंजाब किंग्स ने लिखा, पंजाब किंग्स फ्रेंचाइजी की कप्तानी से संबंधित एक निश्चित स्पोर्ट्स न्यूज वेबसाइट द्वारा प्रकाशित समाचार पिछले कुछ दिनों से लगातार सामने आ रहे हैं। हम यह बताना चाहेंगे कि टीम के किसी भी अधिकारी ने इस पर कोई बयान जारी नहीं किया है।
News reports published by a certain sports News website pertaining to captaincy of the Punjab Kings franchise has been making the rounds in the last few days. We would like to state that no official of the team has issued any statement on the same.
— Punjab Kings (@PunjabKingsIPL) August 24, 2022

पिछले सीजन में प्रदर्शन
आईपीएल के 15वें सीजन से पहले मयंक अग्रवाल को पंजाब किंग्स की कमान सौंपी गई थी। इससे पहले केएल राहुल फ्रेंचाइजी की कमान संभाल रहे थे। लेकिन आईपीएल 2022 में नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपर जायंट्स ने राहुल को साइन कर फ्रेंचाइजी का कप्तान बना दिया था। आईपीएल 2022 में मयंक अग्रवाल ने 13 मुकाबले खेले थे। इस दौरान 12 पारियों में उन्होंने 16.33 की औसत और 122.50 के स्ट्राइक रेट से 196 रन बनाए थे। मयंक अग्रवाल की कप्तानी में पंजाब किंग्स ने 14 मैच खेले और 7 में जीत हासिल की। पॉइंट टेबल में उनकी टीम छठे पायदान पर रही।












Click it and Unblock the Notifications