Aaj Ka IPL Match: क्वालीफायर 2 में पहुंची रोहित की पलटन, आईपीएल इतिहास में पहली बार लखनऊ को हराया
Lucknow Super Giants vs Mumbai Indians, Eliminator: मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को हराकर क्वालीफायर 2 में अपनी जगह पक्की कर ली है।

LSG vs MI, Eliminator, Indian Premier League 2023: चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में रोहित शर्मा की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस ने कमाल का प्रदर्शन किया। 183 रनों का पीछा करने उतरी लखनऊ की टीम 16.1 ओवर में 101 रनों पर ढेर हो गई। लखनऊ की टीम को 81 रनों से हार झेलनी पड़ी है। मुंबई के लिए आकाश मधवाल ने सबसे अधिक पांच विकेट झटकने का काम किया।
लखनऊ की खराब शुरुआत: 183 रनों का पीछा करने उतरी लखनऊ सुपर जायंट्स की शुरुआत खराब रही। लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए ओपनिंग करने आए प्रेरक मांकड़ इस मैच में कुछ खास कमाल नहीं कर सके। आकाश मधवाल ने प्रेरक मांकड़ को ऋतिक शौकीन के हाथों कैच आउट करा दिया। मांकड़ 6 गेंदों में सिर्फ तीन रन ही बना सके।
काइल मेयर्स का नहीं चला बल्ला: लखनऊ के लिए दमदार प्रदर्शन करने वाले काइल मेयर्स का बल्ला भी इस मैच में नहीं चला। काइल मेयर्स 13 गेंद में 18 रन बनाकर क्रिस जॉर्डन का शिकार बन गए। क्रिस जॉर्डन ने काइल मेयर्स को कैमरून ग्रीन के हाथों कैच आउट करा दिया। कप्तान क्रुणाल पांड्या 11 गेंद में आठ रन बनाकर पीयूष चावला की गेंद पर कैच आउट हो गए।
निकोलस पूरन गोल्डन का शिकार: लखनऊ को कई मैचों को अकेले दम पर जिताने वाले निकोलस पूरन इस मुकाबले में अपना खाता भी नहीं खोल सके। निकोलस पूरन आकाश मधवाल की गेंद पर विकेटकीपर ईशान किशन को अपना कैच थमा बैठे। वह इस करो या मरो वाले मैच में गोल्डन डक का शिकार बन गए।
आकाश मधवाल ने लिए सबसे अधिक विकेट: मुंबई इंडियंस के लिए आकाश मधवाल ने सबसे अधिक विकेट झटकने का काम किया। प्रेरक मांकड़, आयुष बडोनी और निकलोस पूरन का विकेट लेकर आकाश मधवाल ने लखनऊ की कमर तोड़ दी। आकाश मधवाल की दमदार गेंदबाजी की बदौलत ही मुंबई की टीम इस मुकाबले को जीतने में सफल रही।
तीन खिलाड़ी हुए रन आउट: मार्क्स स्टोइनिस रन भागने के दौरान वह अपने साथी बल्लेबाज दीपक हुड्डा से टकरा गए और रन आउट हो गए। इसके बाद कृष्षप्पा गौतम भी रन आउट होकर अपना विकेट गंवा बैठे। रोहित शर्मा ने डायरेक्ट थ्रो कर गौतम को पवेलियन भेजा। वहीं दीपक हुड्डा और नवीन उल हक के बीच भी कम्यूनिकेशन गैप देखने को मिला जिसके बाद दीपक हुड्डा रन आउट हो गए।
मुंबई ने बनाए थे 182 रन: मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए आठ विकेट पर 182 रन बनाए थे। कैमरून ग्रीन ने मुंबई के लिए सबसे अधिक 41 रन बनाने का काम किया। नेहल वधेरा ने अंत के ओवर में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर मुंबई को 180 के पार पहुंचाया। लखनऊ मुंबई द्वारा दिए गए लक्ष्य को हासिल करने में नाकाम रही।
मुंबई इंडियंसः रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, टिम डेविड, तिलक वर्मा, क्रिस जॉर्डन, ऋतिक शौकीन, पीयूष चावला, जेसन बेहरेनडॉर्फ, आकाश मधवाल।
लखनऊ सुपर जायंट्सः आयुष बडोनी, दीपक हुड्डा, प्रेरक मांकड़, मार्कस स्टोइनिस, निकोलस पूरन (विकेटकीपर), क्रुणाल पांड्या (कप्तान), कृष्णप्पा गौतम, रवि बिश्नोई, नवीन-उल-हक, यश ठाकुर, मोहसिन खान।












Click it and Unblock the Notifications