IPL 2023 से बाहर हुए केएल राहुल और जयदेव उनादकट, WTC फाइनल के लिए भी लग सकता है झटका
केएल राहुल और जयदेव उनादकट आईपीएल 2023 सीजन से बाहर बताए जा रहे हैं। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप इन दोनों खिलाड़ियों की जगह को देखते हुए बीसीसीआई इन पर किसी तरह का किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतना चाहता है।

IPL 2023 in Hindi: लखनऊ सुपर जायंट्स (Lucknow Super Giants) के कप्तान केएल राहुल (KL Rahul) आईपीएल में शायद अब आगे नहीं खेल पाएंगे। उनको अपने पिछले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के खिलाफ फील्डिंग करते हुए जांघ में एक गंभीर चोट लगी थी। पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार इस सीजन में केएल राहुल को आगे नहीं खिलाया जाएगा और इसी टीम के एक और खिलाड़ी जयदेव उनादकट (Jaydev Unadkat) भी आईपीएल के मौजूदा सीजन से बाहर हो गए हैं।
यह दोनों ही खिलाड़ी वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए भारतीय क्रिकेट टीम का हिस्सा हैं। तेज गेंदबाज जयदेव उनादकट के कंधे में चोट है जो गंभीर बताई जा रही है। अब बीसीसीआई को वक्त के साथ अपनी रेस लगानी होगी क्योंकि बोर्ड की स्पोर्ट्स साइंस एंड मेडिकल टीम को किसी भी तरह से केएल राहुल को 7 से 11 जून में लंदन में होने वाली वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल के लिए फिट करना है।
देखना होगा क्या वे इस चुनौती से पार पा पाते हैं या नहीं। पिछले मुकाबले में केएल राहुल ने अपनी बाईं जांघ को तब चोटिल कर लिया था जब वे फाफ डु प्लेसिस का कवर ड्राइव रोकने के लिए बाउंड्री की ओर भाग रहे थे। बीसीसीआई के एक सूत्र ने पीटीआई से बात करते हुए बताया है कि राहुल इस समय लखनऊ में टीम के साथ हैं लेकिन वह बुधवार को चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ होने वाला मुकाबला देखने के बाद गुरुवार को कैंप छोड़ देंगे।
अभी तक किसी तरह के स्कैन नहीं किए गए हैं। जब इस तरह की हालत होती है तो काफी ज्यादा दर्द होता है और सूजन भी आ जाती है। इस सूजन को समाप्त होने में 24 से 48 घंटे का समय लग जाता है इसके बाद ही स्कैन करा पाते हैं। राहुल के स्कैन मुंबई में होंगे जहां बीसीसीआई की मेडिकल फैसिलिटी है। उनका और जयदेव दोनों का केस बीसीसीआई खुद हैंडल करेगी।
सूत्र ने आगे बताया कि केएल राहुल टेस्ट टीम के महत्वपूर्ण हिस्से हैं तो वे आईपीएल में आगे हिस्सा नहीं लेंगे। एक बार स्कैन हो जाएं और उनकी चोट की गंभीरता का पता लग जाए तो बीसीसीआई की मेडिकल टीम फैसला करेगी कि क्या करना है।
वहीं बीसीसीआई के इसी सूत्र ने जयदेव उनादकट की चोट के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि अच्छी बात यह है कि जयदेव उनादकट का कंधा डिसलोकेट नहीं हुआ है लेकिन वह बहुत अच्छी शेप में भी नहीं है। उनादकट आईपीएल में आगे नहीं खेल सकते हैं। हम यह भी नहीं कह सकते हैं कि वह वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल तक फिट हो जाएंगे या नहीं।
दुर्भाग्य की बात यह है कि जयदेव उनादकट को यह चोट आरसीबी के खिलाफ होने वाले मुकाबले से पहले नेट में गेंदबाजी करते हुए लगी थी। राहुल और उनादकट दोनों ही वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फाइनल की प्लेइंग इलेवन में जगह बनाने के काफी अच्छे दावेदारों में से एक थे लेकिन अगर यह दोनों ही बाहर हो जाते हैं तो भारतीय सिलेक्टरों को दूसरे विकल्पों को आजमाने पड़ सकता है। बीसीसीआई किसी भी तरह से इनकी चोट को और बढ़ावा नहीं देना चाहता है।












Click it and Unblock the Notifications