IPL 2023: तिलक वर्मा नहीं बल्कि इस खिलाड़ी को भारतीय कैप मिलने की भविष्यवाणी हुई
रिंकू सिंह ने केकेआर के लिए इस सीजन अच्छा काम किया है। जब भी उनको बैटिंग में मौका मिला है, वह एक धमाकेदार पारी खेलने में सफल रहे हैं।

Harbhajan Singh on Rinku Singh: आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन कर रहे कुछ अनकैप्ड खिलाड़ियों को लेकर चर्चाएँ चल रही हैं। कुछ का नाम जल्दी ही भारतीय टीम में शामिल होने की बातें भी सामने आ रही है। इन सबके बीच हरभजन सिंह ने भी एक भविष्यवाणी कर दी है। उन्होंने भी ऐसे खिलाड़ी का जिक्र किया है, जो जल्दी ही टीम इंडिया में आ सकता है।
स्टार स्पोर्ट्स पर लाइव शो के औरन भज्जी ने कहा कि रिंकू सिंह से अब इंडिया कैप ज्यादा दूर नहीं है। उन्होंने कहा कि वह एक प्रेरणादायी खिलाड़ी है। आज वह जहाँ पर हैं, उसके लिए मुश्किल स्थिति के समय भी कड़ी मेहनत की थी। खुद पर आत्मविश्वास रखने के लिए रिंकू सिंह को पूरा क्रेडिट जाता है। उनका सफर सीख देने वाला है और बच्चों को उनसे सीखना चाहिए।
हरभजन सिंह का साथ देते हुए मोहम्मद कैफ ने भी रिंकू सिंह की तारीफ की। उन्होंने कहा कि रिंकू का न केवल फुटवर्क, बल्कि स्ट्राइक रोटेट करने की क्षमता भी उनको बाकी खिलाड़ियों से अलग बनाती है। कैफ ने कहा कि रिंकू परिपक्व खिलाड़ी हैं और स्ट्राइक रोटेट करने की तरफ देखते हैं। रिंकू जानते हैं कि अपनी फॉर्म को अच्छी पारियों में कैसे बदलना है। उनके पास बड़े शॉट खेलने की क्षमता भी है।
गौरतलब है कि रिंकू सिंह उस समय चर्चा में ज्यादा आ गए थे, जब उन्होंने गुजरात टाइटंस के खिलाफ मुकाबले में हार की तरफ गई केकेआर को हिटिंग से जीत दिला दी थी। रिंकू ने अंतिम ओवर में यश दयाल को लगातार 5 छक्के जड़ते हुए कोलकाता को मैच जितवा दिया था। इस तरह उन्होंने एक बड़ा धमाका कर दिया था।
अन्य खिलाड़ी भी हैं, जो इस सीजन अपना जलवा बिखर रहे हैं। उनमें मुंबई इंडियंस से तिलक वर्मा का नाम सबसे पहले आता है। उनके अलावा नेहल वढेरा ने भी प्रभाव छोड़ा है। इस कड़ी में ध्रुव जुरेल का नाम भी शामिल होना चाहिए। इन सभी ने अपनी टीमों के लिए धमाकेदार प्रदर्शन किया है।












Click it and Unblock the Notifications