IPL-23: 3 बार मैच के पहले ओवर में ही 2 विकेट, कौन है वो खास फास्ट बॉलर?
IPL Bowling Records in Hindi: ये उपलब्धि इतनी दुर्लभ है कि आइपीएल के इतिहास में आज तक कोई दूसरा गेंदबाज ऐसा नहीं कर सका है।

IPL 2023 in Hindi: अगर कोई तेज गेंदबाज मैच के पहले ओवर में दो विकेट झटक ले तो विपक्षी टीम का धाराशायी होना लाजिमी है। कोई गेंदबाज संयोग से एक बार ऐसा कर ले। लेकिन बार-बार इस उपल्बधि को दोहराना आश्चर्यजनक है। बल्कि कहें तो दुर्लभ है। आइपीएल-2023 में ऐसे ही एक ऐतिहासिक प्रदर्शन से रु-ब-रू होने का मौका मिला। इस गेंदबाज ने आइपीएल में तीन बार पहले ही ओवर में दो- दो विकेट चटकाये हैं। आइपीएल के इतिहास आज तक कोई दूसरा गेंदबाज ऐसा नहीं कर सका है।
IPL में तीन बार पहले ओवर में 2 विकेट
राजस्थान रॉयल्स के तेज गेंदबाज ट्रेंट बोल्ट ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पहले ओवर में दो विकेट लिये। उन्होंने मैच के पहले ओवर की तीसरी गेंद पर ही हैदराबाद के ओपनर अभिषेक शर्मा को बोल्ड कर दिया। फिर अगली गेंद यानी चौथी गेंद पर राहुल त्रिपाठी को स्लीप में होल्डर के हाथों के कैच करा दिया। पहले ओवर में दो लगातार गेंदों पर दो विकेट। इस ओवर में कोई रन भी नहीं बना। हैदराबाद का स्कोर था 0 रन पर 2 विकेट। ट्रेंट बोल्ट का यह ऐतिहासिक प्रदर्शन था। उन्होंने तीसरी बार मैच के पहले ओवर में दो विकेट लिये थे। बोल्ट ने राजस्थान रॉयल्स के लिए दो बार और मुम्बई इंडियंस के लिए एक बार ये कारनामा किया है।
कुल मिला कर 4 बार पहले ओवर में दो विकेट
इतना ही नहीं बोल्ट ने आइपीएल से इतर बिग बैश लीग में भी पहले ही ओवर में विकेट चटकाने का कारनामा किया है। उन्होंने पिछले साल बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स की तरफ से खेलते हुए पहले ओवर में सिडनी थंडर के ओपनर मैथ्यू गिलकेस और रिली रूसो को आउट किया था। यानी ट्रेंट बोल्ट टी-20 क्रिकेट में पहले ओवर के सबसे खतरनाक बॉलर हैं। इस तरह बोल्ट टी-20 लीग में चार बार पहले ओवर में दो विकेट ले चुके हैं। उनके अलावा दुनिया के सिर्फ एक ही तेज गेंदबाज ने यह उपलब्धि हासिल की है। पाकिस्तान के सोहैल तनवीर भी चार बार ऐसा कर चुके हैं। ये संयोग की बात है कि बोल्ट और सोहैल तनवीर दोनों ही बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। आइपीएल में बोल्ट के बाद प्रवीण कुमार, डेल स्टेन और उमेश यादव का स्थान है जिन्होंने पहले ओवर में 2-2 बार दो विकेट लिये हैं।
IPL के पावर प्ले में बोल्ट NO. 1
बोल्ट आइपीएल में पावर प्ले के शहंशाह हैं। पिछले तीन साल में वे पहले छह ओवरों के दौरान 33 विकेट ले चुके हैं। उनकी इकोनॉमी भी सात रन से कम है। दूसरे स्थान पर मोहम्मद शमी हैं जिन्होंने 2020 से अब तक आइपीएल के पावर प्ले में 23 विकेट लिये हैं। यानी वे बोल्ट से 10 विकेट कम हैं। दीपक चाहर ने 17 विकेट लिये हैं। लेकिन 2023 के आइपीएल में अभी तक उनका प्रदर्शन बहुत निराशाजनक रहा है। लेफ्टआर्म फास्ट बॉलर को टी-20 में बहुत खतरनाक माना जाता है। अगर वह गेंदबाज स्पीड के साथ बॉल स्विंग कराने की क्षमता रखता है तो उसकी मारक क्षमता कई गुना बढ़ जाती है। ट्रेंट बोल्ट ऐसे ही गेंदबाज हैं। दरअसल टी-20 में किसी बल्लेबाज के लिए डिफेंस करने या डॉट गेंद खेलने की गुंजाइश नहीं रहती क्यों इससे रन रेट गिरने का खतरा रहता है। लेकिन जब लेफ्टआर्म फास्ट बॉलर इनस्विंगर डालता है तो बल्लेबाज को उसे मजबूरी में डिफेंस करना पड़ता है। जब रन नहीं बनते हैं तो वह दबाव में शॉट मारने की कोशिश करता है और विकेट गंवा देता है। जब कि टेस्ट मैच में ये सहूलियत रहती है कि आप जितने चाहो उतने डॉट गेंद खेलो।
बोल्ट के आने से राजस्थान मजबूत
बोल्ट के आने के बाद राजस्थान रॉयल्स के प्रदर्शन में बड़ा उछाल आया है। पिछले वह आपीएल के फाइनल तक पहुंची थी। इस बार भी उसने चमकदार अंदाज से टूर्नामेंट का आगाज किया है। अब मुम्बई इंडियंस को अफसोस हो रहा होगा कि क्यों उसने बोल्ट को रीलीज किया था। यह बड़े आश्चर्य की बात थी कि मुम्बई इंडियंस ने पिछले साल बोल्ट जैसे मैच जिताऊ गेंदबाज को रीलीज कर दिया था। बोल्ट थे नहीं और जोफ्रा आर्चर घायल थे। इनके नहीं रहने से मुम्बई की गेंदबाजी इतनी कमजोर हो गयी थी कि वह प्रतियोगिता में अंतिम स्थान पर लुढ़क गयी थी। अब वही बोल्ट राजस्थान की जान बन गये हैं।












Click it and Unblock the Notifications