Aaj Ka IPL Match: मुंबई को हराकर फाइनल में पहुंची गुजरात टाइटंस, चेन्नई से होगा सामना
Gujarat Titans vs Mumbai Indians, Qualifier 2 : मुंबई इंडियंस के खिलाफ गुजरात टाइटंस ने क्वालीफायर-2 मैच में शानदार जीत हासिल कर ली है।

GT vs MI, Qualifier 2, Indian Premier League 2023: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हार्दिक पंड्या की गुजरात टाइटंस ने मुंबई के खिलाफ 62 रनों से जीत हासिल कर ली है। गुजरात ने इसके साथ ही फाइनल में जगह बना ली है। अब 28 मई यानी रविवार को गुजरात टाइटंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खिताबी भिड़ंत देखने को मिलेगी।
मुंबई की खराब शुरुआत: गुजरात के खिलाफ 234 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मुंबई इंडियंस की टीम 171 रनों पर सिमट गई। मुंबई की शुरुआत खराब रही। पहले ही ओवर में टीम को बड़ा झटका लगा। मोहम्मद शमी ने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे नेहल वधेरा को आउट कर गुजरात को बड़ी सफलता दिलाई। मोहम्मद शमी की गेंद पर बड़ा शॉट लगाने की कोशिश में वधेरा विकेटकीपर ऋद्धिमान साहा को अपना कैच दे बैठे।
सूर्यकुमार ने जड़ा अर्धशतक: मुंबई इंडियंस के लिए एक बार फिर सूर्यकुमार यादव ने कमाल का प्रदर्शन किया। जोशुआ लिटिल की गेंद पर छक्का जड़कर सूर्यकुमार यादव ने अपना अर्धशतक पूरा किया। सूर्यकुमार यादव ने महज 33 गेंदों में अर्धशतक जड़ने का काम किया। इस दौरान उन्होंने कई बेहतरीन शॉट्स लगाए। सूर्य़कुमार यादव 38 गेंद में 61 रन बनाकर मोहित शर्मा की गेंद पर क्लीन बोल्ड हो गए।
कप्तान रोहित का भी नहीं चला बल्ला: मुंबई के लिए करो या मरो वाले मुकाबले में कप्तान रोहित शर्मा भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। मोहम्मद शमी ने तीसरे ओवर में रोहित शर्मा को पवेलियन भेज दिया। रोहित छक्का लगाने की कोशिश में बाउंड्री पर जोशुआ लिटिल को कैच दे बैठे। रोहित के आउट होने के साथ ही मुंबई की जीत की उम्मीदें भी कम हो गई।
तिलक ने खेली जोरदार पारी: दो विकेट गिरने के बाद तिलक वर्मा ने मुंबई के लिए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। तिलक वर्मा ने मोहम्मद शमी के एक ओवर में चार चौके और एक छक्का लगाने का काम किया। उन्होंने शमी के ओवर से 26 रन बटोरे। राशिद खान ने तिलक वर्मा को क्लीन बोल्ड कर दिया। तिलक ने 14 गेंद पर 43 रनों की पारी खेली।
ग्रीन ने बनाए 30 रन: कैमरीन ग्रीन ने 20 गेंदों में 30 रनों की पारी खेली। ग्रीन ने सूर्यकुमार यादव के साथ टीम के लिए अहम 50 रनों की साझेदारी निभाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने गुजरात के स्पिनर नूर अहमद और राशिद खान के खिलाफ ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करने का काम किया।
गुजरात ने बनाए थे 233 रन: टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गुजरात टाइटंस ने 20 ओवर में तीन विकेट पर 233 रन बनाए थे। गुजरात के लिए शुभमन गिल ने सबसे अधिक 129 रन बनाने का काम किया। उन्होंने 60 गेंद की पारी में सात चौके और 10 छक्के लगाने का कारनामा किया। इस सीजन यह शुभमन गिल का तीसरा शतक रहा।
गुजरात टाइटंस की प्लेइंग 11: शुभमन गिल, ऋद्धिमान साहा (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (कप्तान), विजय शंकर, डेविड मिलर, साइ सुदर्शन, राहुल तेवतिया, राशिद खान, नूर अहमद, जोशुआ लिटिल, मोहित शर्मा, मोहम्मद शमी।
मुंबई इंडियंस की प्लेइंग 11: ईशान किशन, रोहित शर्मा (कप्तान), कैमरून ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, टिम डेविड, नेहाल वढेरा, क्रिस जॉर्डन, पीयूष चावला, जेसन बेहरनडोर्फ, आकाश मधवाल, कुमार कार्तिकेय।












Click it and Unblock the Notifications