DC vs MI: दिल्ली कैपिटल्स ने लगाया हार का चौका, मुंबई ने 6 विकेट से हराया, रोहित ने जड़ा अर्धशतक
Delhi Capitals vs Mumbai Indians: दिल्ली कैपिटल्स को मुंबई इंडियंस के खिलाफ अपने ही घर पर हार का सामना करना पड़ा है। इस सीजन दिल्ली की यह चौथी हार है।

DC vs MI, 16th Match, Indian Premier League 2023: दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली को इस सीजन एक और हार का सामना करना पड़ा है। मुंबई के खिलाफ दिल्ली की टीम जीत दर्ज करने में नाकाम रही। रोहित शर्मा की अर्धशतक की बदौलत मुंबई ने दिल्ली को इस मुकाबले को छह विकेट से हरा दिया। मुंबई ने इस सीजन अपनी पहली जीत हासिल की। मुंबई ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 173 रन बनाकर मैच को अपने नाम कर लिया।
रोहित और ईशान की जबरदस्त शुरुआत
173 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई इंडियंस को रोहित शर्मा और ईशान किशन ने शानदार शुरुआत दिलाई। रोहित शर्मा ने मुकेश कुमार के पहले ओवर में एक छक्का और दो चौके जड़कर अपने इरादे स्पष्ट कर दिए। दूसरी छोर पर ईशान किशन ने भी तेज गति से रन बनाने का काम किया। दोनों ही बल्लेबाजों ने चार ओवर के भीतर ही टीम के स्कोर को 50 के पार पहुंचा दिया।
रोहित ने जड़ा अर्धशतक
लंबे समय बाद मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित ने अर्धशतक जड़ने का काम किया। रोहित शर्मा ने 29 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा कर मुंबई को लक्ष्य को करीब पहुंचाने का काम किया। मुंबई इंडियंस का पहला विकेट ईशान किशन के रूप में गिरा। ईशान किशन 26 गेंद में 31 रन बनाकर रन आउट हो गए। ईशान किशन के बाद तिलक वर्मा ने रोहित शर्मा के साथ मिलकर साझेदारी निभाई।
अक्षर ने खेली ताबड़तोड़ पारी
दिल्ली की तरफ से अक्षर पटेल ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की। दिल्ली के लिए सबसे ज्यादा 54 रन अक्षर पटेल ने बनाए। अक्षर पटेल ने 22 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया और दिल्ली को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने का काम किया। जेस बेहनरडॉर्फ ने अक्षर पटेल को अर्शद खान के हाथों कैच आउट कराया। अक्षर पटेल के अलावा कप्तान डेविड वॉर्नर ने भी दिल्ली के लिए अर्धशतक जड़ने का काम किया। दिल्ली की पूरी टीम 172 रन बनाने में सफल रही थी।
दोनों टीमों में शामिल थे ये खिलाड़ी
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), ईशान किशन (विकेटकीपर), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, तिलक वर्मा, नेहाल वढेरा, ऋतिक शौकीन, अरशद खान, पीयूष चावला, जेसन बेहरेनडॉर्फ, रिले मेरेडिथ।
दिल्ली कैपिटल्स: पृथ्वी शॉ, डेविड वार्नर (कप्तान), मनीष पांडे, यश ढुल, रोवमैन पॉवेल, ललित यादव, अक्षर पटेल, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), कुलदीप यादव, एनरिक नार्जे, मुस्तफिजुर रहमान।












Click it and Unblock the Notifications