CSK vs MI: नेहल वढेरा ने मुंबई इंडियंस को डूबने से बचाया, चेन्नई सुपर किंग्स को मामूली लक्ष्य
CSK vs MI: नेहल वढेरा ने एक छोर पर टिककर बल्लेबाजी की। वह अपना पहला अर्धशतक जमाने में सफल रहे।

CSK vs MI: चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ मुकाबले में मुंबई इंडियंस बेहतरीन बल्लेबाजी करने में नाकाम रही। पहले खेलते हुए मुंबई इंडियंस ने 8 विकेट पर 139 रन का मामूली स्कोर बनाया। मुंबई की बिखरती हुई पारी को नेहल वढेरा ने बचा लिया। वह अर्धशतक जड़ने में सफल रहे। अन्य बल्लेबाज फ्लॉप रहे।
मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा आज ओपन करने नहीं आये और कैमरन ग्रीन को भेजा गया लेकिन यह निर्णय गलत साबित हुआ। कैमरन ग्रीन 6 रन बनाकर आउट हो गए। इशान किशन 7 रन बनाकर चलते बने। रोहित शर्मा की खराब फॉर्म अब भी जारी रही। वह अपना खाता खोले बिना ही आउट हो गए।
मुंबई इंडियंस की खराब शुरुआत
अपने 3 विकेट महज 14 के कुल स्कोर पर गंवाने के बाद मुंबई इंडियंस मुश्किल स्थिति में थी। ऐसे में सूर्यकुमार यादव और नेहल वढेरा ने मिलकर मोर्चा संभाल लिया। दोनों ही बल्लेबाजों ने अर्ध'शतकीय भागीदारी की। सूर्यकुमार यादव बेहतरीन बैटिंग करते हुए 22 गेंदों में 26 रन बनाकर आउट हो गए।
नेहल वढेरा ने जमाया अर्धशतक
नेहल वढेरा ने एक छोर से खड़े होकर रन बनाते हुए 46 गेंदों में अपना पहला आईपीएल अर्धशतक पूरा कर लिया। उन्होंने 17वें ओवर में जडेजा को 16 रन जड़े। इसमें तीन चौके शामिल थे। बाद में वह 51 गेंदों का सामना करते हुए 64 रनों के निजी स्कोर पर आउट हो गए। अंत में मुंबई 8 विकेट पर 139 का स्कोर हासिल कर पाई।
पथिराना की घातक गेंदबाजी
चेन्नई के लिए शुरुआत में दीपक चाहर ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 2 विकेट हासिल किये। उनके बाद पथिराना ने मोर्चा संभाल लिया। उन्होंने 15 रन देते हुए 3 विकेट अपने नाम किये। तुषार देशपांडे भी पीछे नहीं रहे। उन्होंने भी मुंबई के 2 बल्लेबाजों को आउट किया।
चेन्नई सुपर किंग्स vs मुंबई इंडियंस प्लेइंग 11
चेन्नई सुपर किंग्स: रुतुराज गायकवाड़, डेवोन कॉनवे, अजिंक्य रहाणे, मोइन अली, शिवम दूबे, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (कप्तान), दीपक चाहर, मथीशा पथिराना, तुषार देशपांडे, माहीश तीक्ष्णा।
मुंबई इंडियंस: रोहित शर्मा (कप्तान), इशान किशन (कीपर), कैमरन ग्रीन, सूर्यकुमार यादव, ट्रिस्टन स्टब्स, टिम डेविड, नेहल वढेरा, जोफ्रा आर्चर, पीयूष चावला, आकाश मधवाल, अरशद खान












Click it and Unblock the Notifications