'IPL के अलग शहरों में होने का ये असर', स्टार बॉलर की शानदार वापसी से प्रभावित हुए अनिल कुंबले
IPL 2023: आईपीएल 2023 भारत के अलग-अलग शहरों में हो रहा है और अनिल कुंबले का मानना है कि इसने एक पुराने स्टार को बेहतरीन वापसी करने में काफी मदद की है।

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में किसी का सितारा बुझता है तो कोई चमकता है। कई बार पुराने दिग्गज भी फेल हो जाते हैं तो किसी के लिए एक नया सीजन नई ताजगी जैसा साबित होता है। कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के वरुण चक्रवर्ती (Varun Chakravarthy) ऐसे ही एक स्पिनर है जो आईपीएल 2020 में 13 मुकाबलों में 17 विकेट लेकर चर्चाओं में आए थे।
फिर अगले साल उन्होंने 6.58 के जबरदस्त इकोनामी रेट से 17 मैचों में 18 विकेट लिए। इस प्रदर्शन ने उनको 2021 का T20 वर्ल्ड कप खेलने का मौका भी दिलाया लेकिन अंतरराष्ट्रीय स्तर पर वह वो चमत्कार नहीं कर पाए। इसके बाद उनको चोट लगी और आईपीएल में भी पुराना प्रभाव नहीं छोड़ पाए।
2022 सीजन में उन्होंने 11 मैचों में केवल 6 विकेट लिए थे लेकिन एक बार फिर से यह रहस्यमई स्पिनर केकेआर के लिए सबसे ज्यादा विकेट ले चुका है। अनिल कुंबले का मानना है कि आईपीएल में अलग-अलग जगहों पर हो रहे मुकाबलों ने चक्रवर्ती की मदद की है।
हिंदुस्तान टाइम्स के साथ बातचीत में कुंबले ने बताया, 'कई ऐसे खिलाड़ी हैं जो अच्छा परफॉर्म कर रहे हैं और वरुण उनमें से एक हैं। पिछली बार उनका आईपीएल ज्यादा अच्छा नहीं गया। लेकिन अब मैं इस बात को देखकर खुश हूं कि वह अपनी क्षमताओं के साथ न्याय कर रहे हैं। हम जानते हैं कि उन्होंने केकेआर के लिए क्या किया है।'
कुंबले कहते हैं कि, वरुण निश्चित तौर पर एक यूनीक बॉलर है। उनके पास काबिलियत है और उन्होंने बढ़िया तरीके से चीजों को अपने पक्ष में किया है। उनका एक्शन हो, बॉलिंग स्पीड हो, अगर स्पीड ड्रॉप हो जाती है तो वह इतने प्रभावशाली नहीं रहते हैं। इस साल उनकी स्पीड वापस आ गई है।
'आईपीएल कई शहरों में हो रहा है और वरुण ने उसके हिसाब से एडजस्ट कर लिया है। आईपीएल के अलग-अलग जगह होने से वरुण की गेंदबाजी स्टाइल के खिलाड़ियों को निश्चित तौर पर मदद मिलती है। पिछली बार आईपीएल में केवल एक दो जगह पर ही मुकाबले हुए थे तो इसलिए वरुण को ज्यादा कॉन्फिडेंस नहीं मिल पाया।'
इसके अलावा मयंक मारकंडे और रवि बिश्नोई ने काफी प्रभावित किया है। कुंबले कहते हैं, 'केवल वरुण ही नहीं बल्कि बाकी स्पिनरों ने भी अच्छा किया है और वे भारतीय टीम में आ सकते हैं। मुझे उम्मीद है चयनकर्ता उनके ऊपर अपनी नजर बनाए रख रहे होंगे।'












Click it and Unblock the Notifications