जो लखनऊ की ताकत है वही उसकी मुसीबत है, जाफर ने बताई LSG की बैटिंग में सबसे बड़ी कमी
नई दिल्ली, 1 मई: आईपीएल 2022 में गुजरात टाइटंस और लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम काफी बेहतर खेल दिखाने में कामयाब रही है क्योंकि उन्होंने टॉप के दो स्थानों पर कब्जा किया हुआ है। लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम अपने ताजा मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स को मात देने में कामयाब रही और अब उनके 10 में से 7 जीत के साथ 14 अंक हो चुके हैं। इस बात की काफी मजबूत संभावनाएं है कि यह टीम गुजरात टाइटंस के साथ प्लेऑफ में प्रवेश करने जा रही है।

दिल्ली कैपिटल्स को 6 रनों से मात देने में सफलता हासिल की
केएल राहुल की अगुवाई वाली टीम ने दिल्ली कैपिटल्स को 6 रनों से मात देने में सफलता हासिल की। केएल राहुल अभी तक बहुत शानदार रहे हैं। उन्होंने इसी सीजन में 2 शतक भी लगा दिए हैं और वह दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 77 रनों की पारी खेलने में कामयाब रहे। राहुल ने 51 गेंदों पर 77 रनों का योगदान दिया। केएल राहुल का चलना इस टीम के लिए बहुत अच्छी बात है क्योंकि जब जब राहुल चलते हैं तब-तब लखनऊ को जीतने में बहुत आसानी रहती है। लेकिन भारत के पूर्व बल्लेबाज वसीम जाफर का कहना है कि लखनऊ सुपरजाइंट्स की यह सबसे बड़ी मजबूती ही उनकी सबसे बड़ी कमजोरी है।

केएल राहुल एलएसजी की बल्लेबाजी के बहुत अहम सदस्य हैं
वसीम जाफर का मानना है कि केएल राहुल एलएसजी की बल्लेबाजी के बहुत अहम सदस्य हैं और केवल उनके योगदान के दम पर ही यह टीम एक मजबूत स्कोर करने की ओर देखती है। जाफर कहते हैं, अगर केएल राहुल नहीं चलते हैं तो लखनऊ की बल्लेबाजी का कोई भरोसा नहीं है क्योंकि इस टीम के टॉप 3 चिंता का विषय हैं।

पर टीम की बैटिंग में भरपूर खामियां-
जाफर ने यह भी कहा की लखनऊ की टीम के आयुष बडोनी और मार्कस स्टोइनिस जैसे फिनिशर ठीक से काम नहीं कर पा रहे हैं और उनकी फॉर्म पिछले कुछ मैचों में अच्छी नहीं है। जाफर का मानना है कि लखनऊ सुपरजाइंट्स की टीम को 170-180 का स्कोर करना है तो केएल राहुल करत हैं। क्विंटन डी कॉक अधिक नहीं चलते हैं। इस टीम की टॉप 3 बल्लेबाजों की स्थिति फिक्स नहीं है। कभी मनीष पांडे आते हैं तो कभी दीपक हुड्डा आते हैं। आपको बता दें कि दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ हुए मुकाबले में दीपक हुड्डा नंबर 3 पर आए थे और उन्होंने 34 गेंदों पर 52 रनों की जोरदार पारी खेली।

मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी अपने नजरिए को पेश किया
जाफर के साथ-साथ भारत के पूर्व कप्तान मोहम्मद अजहरुद्दीन ने भी अपने नजरिए को पेश किया है। दोनों एक्सपर्ट का मानना है कि क्रुणाल पांड्या काफी अच्छा काम कर रहे हैं और वे बॉलिंग बहुत अच्छी कर रहे हैं। विडंबना यह है कि इन दोनों एक्सपर्ट के बयान आने के बाद कुणाल पांड्या ने दिल्ली कैपिटल्स टीम के खिलाफ केवल एक ही ओवर फेंका और उसमें 19 रन दे दिए। जबकि इस मुकाबले से पहले वे 6.19 के इकोनामी रेट के साथ 9 विकेट हासिल कर चुके थे। उन्होंने 4 ओवर में 11 रन देकर दो विकेट पंजाब किंग्स के खिलाफ दिए थे।

क्रुणाल पांड्या से खुश
अजहरुद्दीन का मानना है कि कुणाल पांड्या को एक नई जिम्मेदारी मिली है क्योंकि वह लखनऊ सुपर जायंट्स की टीम में काफी सीनियर सदस्य हैं जबकि इससे पहले वे मुंबई इंडियंस की टीम का हिस्सा हुआ करते थे और वहां पर उनको कई दिग्गजों के बीच खेलना पड़ता था लेकिन लखनऊ की टीम में वे अपने आप में काफी अहम खिलाड़ी हैं और इसका असर उनके प्रदर्शन पर भी दिखाई दे रहा है।












Click it and Unblock the Notifications