रिकी पोंटिंग के बेटे के सामने फुटबॉल में टिक नहीं पाए ऋषभ पंत, VIDEO हो रहा खूब वायरल
नई दिल्ली, 4 मई: रिकी पोंटिंग अपने परिवार के साथ भारत में हैं जहां वे आईपीएल 2022 में दिल्ली कैपिटल्स टीम की कोचिंग दे रहे हैं। रिकी के बेटे फ्लेचर में भारत में समय का काफी लुत्फ उठा रहे हैं और उन्होंने दिल्ली की टीम के बायो-बबल में अपने कुछ दोस्त भी बना लिए हैं। इनमें डीसी के कप्तान ऋषभ पंत भी एक हैं। पंत और फ्लेचर दोनों को फुटबॉल सेशन के दौरान एक दूसरे को पछाड़ने की कोशिश करते हुए देखा गया।

वीडियो में पंत की जगह फ्लेचर छाए हुए हैं
दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने एक वीडियो शेयर की है। बुधवार को सोशल मीडिया पर पोस्ट हुई इस वीडियो में आउटडोर प्रैक्टिस चल रही है। पूरी वीडियो में पंत की जगह फ्लेचर छाए हुए हैं। पंत पोंटिंग के बेटे की फुटबॉल स्किल के सामने बेबस नजर आ रहे हैं। खास बात यह है कि इतनी छोटी उम्र में भी फ्लेचर अपने पिता की तरह काफी प्रतिस्पर्धी दिखाई दे रहे हैं। फ्लेचर ने पंत को एक इंच भी छूट नहीं दी और फुटबॉल के गेम में भारत के विकेटकीपर बल्लेबाज को हर तरह से मात देते हुए नजर आए।

पोंटिंग ने पंत को कितनी ही बार बैक किया
वीडियो के अंत में आप देख सकते हैं कैसे फ्लेचर ने गेंद को लंबा हिट किया और पंत हैरान रह गए। यह क्लिप काफी शेयर की जा रही है। पोस्ट पर कैप्शन है- दो दोस्त फुटबॉल खेल रहे हैं।
पंत और पोंटिंग की बतौर कप्तान व कोच के तौर पर जुगलंबादी का लोहा सभी लोग मानते हैं। पोंटिंग ने पंत को कितनी ही बार बैक किया है। पोंटिंग के चलते कई लोग बतौर कोच दिल्ली कैपिटल्स से जुड़ना चाहते हैं, ताजा नाम शेट वॉटसन का है। पोंटिंग ने दिल्ली कैपिटल्स को एक ब्रांड बनाया है। वे हालांकि अपने परिवार को सर्वोपरि रखते हैं इसलिए किसी इंटरनेशनल टीम की फुल टाइम कोचिंग नहीं संभालते। बताया जाता है कि रवि शास्री के कार्यकाल की समापन के समय बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान से संपर्क किया था लेकिन पंटर ने जॉब करने में दिलचस्पी नहीं दिखाई।

दिल्ली 9 में से 4 ही मुकाबले जीत पाई है
दिल्ली इस सीजन में जरूर लड़खड़ा रही है जो हैरानी की बात है क्योंकि टीम में वैसे कोई खामियां नहीं दिखती, बस मैदानी नतीजे उनके पक्ष में जाते हुए नहीं दिखाई दे रहे हैं। देखना होगा दिल्ली प्लेऑफ में पहुंचने का मुश्किल काम पूरा कर पाएगी या नहीं। दिल्ली 9 में से 4 ही मुकाबले जीत पाई है और एक बार भी उनको लगातार दो जीत नसीब नहीं हुई। यहां तक कि उन्होंने पिछला मैच भी लखनऊ सुपर जायंट्स से हारा था।
यहां देखें वीडियो-
अब दिल्ली को कल अगला मुकाबला खेलना है और यह उन्हें जीतना ही होगा। मुकाबला सनराइजर्स हैदराबाद से होगा। पंत पर फोकस रहेगा क्योंकि वे फॉर्म में आते हुए दिखाई दिए थे। उन्होंने तब 30 गेंदों पर 44 रनों की पारी खेली थी। सच यह है कि पंत टी20 क्रिकेट में कभी भी इन-फॉर्म बल्लेबाज नहीं लगते हैं। वे इतना क्रिकेट खेलने के बावजूद अभी तक हिट या मिस टाइप के बल्लेबाज बने हुए हैं। पंत ने मौजूदा सीजन में 9 मुकाबले खेलकर 234 रन बनाए हैं।












Click it and Unblock the Notifications