IPL 2022 के आखिरी चरण में नहीं खेलेंगे इंग्लिश क्रिकेटर्स, जानें क्या है कारण

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन के लिये 10 टीमें हिस्सा लेने वाली हैं, जिसकी तैयारियां इस समय जोरों पर चल रही हैं। रिपोर्ट के अनुसार टूर्नामेंट का आगाज 27 मार्च 2022 से मई के आखिरी हफ्ते तक जारी रहेगा जिसमें 70 से ज्यादा मैच खेले जायेंगे। 2 महीने से ज्यादा समय तक चलने वाले इस टूर्नामेंट के लिये 1200 से ज्यादा खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया है ताकि नीलामी में हिस्सा लेकर वो लीग का हिस्सा बन सकें। आईपीएल 2022 के लिये 12-13 फरवरी को खिलाड़ियों की नीलामी की जायेगी, जिसके लिये दुनिया भर के खिलाड़ियों ने अपना रजिस्ट्रेशन कराया है, हालांकि टेस्ट क्रिकेट में शर्मनाक प्रदर्शन के चलते कई इंग्लिश खिलाड़ियों ने आईपीएल में हिस्सा नहीं लेने का फैसला किया है, तो वहीं पर कई खिलाड़ियों ने फिर भी रजिस्ट्रेशन कराया है।
इस बीच रिपोर्ट आयी है कि इंग्लैंड और वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) अपनी टीम के टेस्ट खिलाड़ियों को आईपीएल 2022 के आखिरी चरण से वापस बुला सकता है। उल्लेखनीय है कि इंग्लैंड की टीम को 3 मैचों की टेस्ट सीरीज के लिये न्यूजीलैंड के दौरे पर जाना है जिसका आगाज 2 जून 2022 से होगा। इतना ही नहीं आईपीएल 2022 के मेगा ऑक्शन से पहले कई फ्रैंचाइजियों को इस बारे में पहले से जानकारी है और उन्हें पता है कि अगर टीम फाइनल मैच की तरफ पहुंच रही होगी तो इंग्लिश खिलाड़ी की सेवाओं का वो फायदा नहीं उठा सकेंगे।
उल्लेखनीय है कि आईपीएल 2022 की मेगा नीलामी में इंग्लैंड के 22 खिलाड़ियों ने मेगा ऑक्शन के लिये अपना नाम दिया है। इस लिस्ट में जॉनी बेयरस्टो, ओली पोप, मार्क वुड और डेविड मलान का नाम भी हैं जो कि टेस्ट क्रिकेट खेलते हैं, वहीं राजस्थान रॉयल्स की टीम ने जोस बटलर को 10 करोड़ की रुपये में रिटेन किया है।
गौरतलब है कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम के लिये पिछला एक साल काफी खराब बीता है जिसमें उसने न्यूजीलैंड के हाथों अपने घर में सीरीज गंवायी, तो वहीं पर भारत के खिलाफ 2-1 से पीछे चल रही है। इतना ही नहीं एशेज में उसे 4-0 से हार का सामना करना पड़ा है। इसी को देखते हुए इंग्लैंड की टेस्ट टीम के कप्तान जो रूट ने पहले ही नीलामी में हिस्सा लेने से इंकार कर दिया है, तो वहीं पर बेन स्टोक्स ने भी रेड बॉल क्रिकेट पर ध्यान देने के लिये नाम नहीं दिया है।
और पढ़ें: BBL 2021-22: पर्थ स्कॉचर्स ने जीता बिग बैश लीग का चौथा खिताब, फाइनल में सिडनी सिक्सर्स को रौंदा
आपको बता दें कि इंग्लैंड क्रिकेट टीम मौजूदा समय में वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मैचों की टेस्ट सीरीज खेलने पहुंची है, जिसके बाद उसे वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट सीरीज खेलनी है। फिलहाल इंग्लैंड की टीम 5 मैचों की टी20 सीरीज में 2-1 से पीछे चल रही है, जिसका आयोजन 29 और 30 जनवरी को किया जाना है।












Click it and Unblock the Notifications