IPL 2022 की नीलामी से पहले आकाश चोपड़ा ने की बड़ी भविष्यवाणी, बताया किस टीम में जा सकते हैं डेविड वॉर्नर

नई दिल्ली। दुनिया की सबसे मशहूर टी20 क्रिकेट लीग आईपीएल के 15वें सीजन की तैयारियां जोरों शोरों पर हैं, जिसमें इस बार 10 टीमें हिस्सा लेती नजर आयेंगी। 10 टीमों के हिस्सा लेने के चलते इंडियन प्रीमियर लीग के लिये होने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के भी काफी बड़ा होने की उम्मीद जिसकी वजह से बीसीसीआई ने बेंगलुरु में दो दिवसीय इवेंट का आयोजन करना है। आईपीएल 2022 के लिये 1200 से ज्यादा खिलाड़ियों ने अपना नाम रजिस्टर कराया है, जिसका आयोजन 12-13 फरवरी को किया जाना है। इंडियन प्रीमियर लीग में अब तक 7 टीमें अपना कप्तान तय कर चुकी हैं, जबकि 3 टीमों को अभी भी अपने कप्तान की तलाश है, ऐसे में नीलामी के दौरान कुछ ऐसे भी खिलाड़ी रहेंगे जिन्हें अपनी टीम की कमान सौंपने के लिये फ्रैंचाइजियां बिड वॉर के लिये जा सकती है।
और पढ़ें: BBL 2021-22: पर्थ स्कॉचर्स ने जीता बिग बैश लीग का चौथा खिताब, फाइनल में सिडनी सिक्सर्स को रौंदा
इस फेहरिस्त में ऑस्ट्रलियाई क्रिकेटर डेविड वॉर्नर का नाम भी शामिल है जो कि आईपीएल के सबसे सफल कप्तानों में से एक हैं। वॉर्नर ने 2016 में सनराइजर्स हैदराबाद की कप्तानी करते हुए अपनी टीम को पहला खिताब दिलाया था और 2021 को छोड़ दें तो लगभग हर सीजन में लगातार 500 रन के आंकड़े को पार किया है। वॉर्नर के शानदार प्रदर्शन और कप्तानी रिकॉर्ड के बावजूद आईपीएल 2022 के लिये हैदराबाद की टीम ने उन्हें रिलीज कर दिया है और वो इस बार नीलामी में अपनी किस्मत आजमाते नजर आयेंगे।
और पढ़ें: आखिर क्यों रोहित शर्मा को नहीं बनना चाहिये टेस्ट टीम का कप्तान, पूर्व चयनकर्ता ने गिनाये कारण

3 टीमों को है कप्तान की तलाश, फिर भी वॉर्नर को नहीं देंगे कमान
इस बीच भारत के पूर्व सलामी बल्लेबाज और कॉमेंटेटर आकाश चोपड़ा ने मेगा नीलामी में डेविड वॉर्नर को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उल्लेखनीय है कि 12-13 फरवरी को की जाने वाली खिलाड़ियों की नीलामी के दौरान रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर, कोलकाता नाइट राइडर्स और पंजाब किंग्स की टीम नये कप्तान के लिये खिलाड़ियों पर अपना दांव लगायेगी, इसके बावजूद आकाश चोपड़ा का मानना है कि इनमें से कोई भी फ्रैंचाइजी वॉर्नर को अपनी टीम का कप्तान बनाने की ओर नहीं देखेगी।
अपने यूट्यूब चैनल पर बात करते हुए आकाश चोपड़ा ने कहा,' आईपीएल के मेगा ऑक्शन के दौरान यह तीनों टीमें डेविड वॉर्नर को अपनी टीम में शामिल कर कप्तानी देने के बारे में सोच सकती हैं लेकिन मेरे हिसाब से कोई भी टीम उन्हें कप्तान नहीं बनायेगी। मुझे लगता है कि डेविड वॉर्नर इस सीजन कप्तानी नहीं करेंगे। पंजाब, कोलकाता और आरसीबी की टीमें कप्तान की ओर देख रही हैं लेकिन फिर भी वॉर्नर के साथ नहीं जायेंगे।'

इस वजह से कोई भी टीम नहीं बनायेगी कप्तान
आकाश चोपड़ा का मानना है कि आईपीएल एक छोटा टूर्नामेंट है जिसकी वजह से हर फ्रैंचाइजी को दूसरी टीम के बारे में पता होता है और यही वजह है कि सबको उन कारणों का पता है जिसकी वजह से हैदराबाद की टीम ने नीलामी से पहले डेविड वॉर्नर को रिलीज किया है।
उन्होंने कहा,'इसमें कोई शक नहीं है कि डेविड वॉर्नर को अपने खेमे में शामिल करने के लिये टीमों के बीच बिड वॉर देखने को मिलेगी और वो काफी महंगे भी साबित होंगे लेकिन कोई भी टीम उन्हें कप्तान नहीं बनायेगी। मुझे लगता है कि आईपीएल एक छोटे परिवार की तरह है, जिसमें सभी को पता होता है कि क्या चल रहा है, क्या समस्या और कारण रहे जिसकी वजह से वॉर्नर को कप्तानी से हटाया गया। यही वजह है कि टीमें उन्हें अभी तक कप्तान बनाने के लिये सहज नहीं नजर आ रही हैं।'

इस टीम के साथ जा सकते हैं डेविड वॉर्नर
गौरतलब है कि आरसीबी की टीम के कप्तान विराट कोहली ने इस साल ही कप्तानी छोड़ने का ऐलान कर दिया था, जबकि पंजाब किंग्स के लिये केएल राहुल ने करार जारी करने से इंकार कर दिया और इसके चलते टीम को उन्हें रिलीज करना पड़ा। वहीं आईपीएल में शामिल हुई नई फ्रैंचाइजी लखनऊ सुपरजाएंटस ने केएल राहुल को अपना कप्तान बना दिया है। केकेआर की टीम ने भी आईपीएल 2022 के लिये रिलीज किये गये खिलाड़ियों में अपने कप्तान इयोन मोर्गन को शामिल रखा, जो कि 2021 के सीजन में अपनी टीम को फाइनल तक लेकर गये थे लेकिन इसके बावजूद केकेआर की टीम नये कप्तान की ओर देख रही है। हालांकि आकाश चोपड़ा का मानना है कि आरसीबी की टीम इस कंगारू खिलाड़ी को अपने खेमे में शामिल कर सकती है।
उन्होंने कहा,'मुझे लगता है कि डेविड वॉर्नर आरसीबी की टीम में जा सकते हैं, जो कि फ्रैंचाइजी के लिये खराब विकल्प नहीं होंगे। एबी डिविलियर्स के जाने के बाद वॉर्नर आरसीबी की टीम में कोहली के साथ खेलते हुए नजर आ सकते हैं और पारी का आगाज करते हुए विस्फोटक शुरुआत दिला सकते हैं।'












Click it and Unblock the Notifications