GT vs DC: पुणे में लगेगी रिकॉर्डस की झड़ी, गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली दिखायेगी दम
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 10वां मैच गुजरात टाइटंस और दिल्ली कैपिटल्स की टीम के बीच खेला जाना है, जहां पर दोनों टीमें पुणे के एमसीए स्टेडियम में जीत की लय बरकरार रखना चाहेंगी। जहां दिल्ली कैपिटल्स की टीम ने अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस को मात दी थी तो वहीं पर गुजरात की टीम अपने पहले मैच में लखनऊ सुपरजाएंटस को हरा कर आ रही है। दोनों टीमों का पहला मैच काफी रोमांचक साबित हुआ था जिसमें गेंदबाजों ने शानदार शुरुआत दी और लोअर मिडिल ऑर्डर के बल्लेबाजों ने मैच को खत्म किया।

गुजरात टाइटंस के लिये मोहम्मद शमी, राशिद खान, मैथ्यू वेड, हार्दिक पांड्या, डेविड मिलर और राहुल तेवतिया ने शानदार प्रदर्शन किया था, तो वहीं पर दिल्ली की टीम ने खेल के हर विभाग में अच्छा प्रदर्शन किया था। जहां दिल्ली की टीम ओवरऑल मजबूत नजर आ रही है तो वहीं पर गुजरात की टीम गेंदबाजी में शमी-राशिद पर ज्यादा निर्भर नजर आ रही है। ऐसे में इस मैच के दौरान कई बड़े रिकॉर्ड बनते हुए देखे जा सकते हैं।
और पढ़ें: IPL 2022: वानखेड़े में आयी रसेल की तूफानी बल्लेबाजी की आंधी, कोलकाता ने पंजाब को 6 विकेट से रौंदा

दिल्ली के लिये पहले खिलाड़ी बनेंगे पंत
इंडियन प्रीमियर लीग के इस सीजन में खेले गये अब तक के मैचों में टॉस का बड़ा असर देखने को मिला है, जिसमें रन चेज करने वाली टीम ही ज्यादातर मैच जीतती हुई नजर आयी है। पहले 8 में से 7 मैच रनों का पीछा करने वाली टीम ने जीता है और सिर्फ एक ही मैच ऐसा रहा है जिसमें रनों का बचाव करते हुए टीम को जीत मिली है। उल्लेखनीय है कि यह मैच पुणे के एमसीए स्टेडियम में ही खेला गया था, जिसमें राजस्थान की टीम ने सनराइजर्स हैदराबाद को 61 रनों से हराया था। ऐसे में इस मैच में भी कुछ अलग देखने को मिल सकता है। दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान ऋषभ पंत इस मैच में सिर्फ एक रन बनाते ही दिल्ली कैपिटल्स के लिये 2500 रन बनाने वाले पहले खिलाड़ी बन जायेंगे।

हार्दिक जड़ेंगे छक्कों का शतक
इस मैच में गुजरात टाइटंस के कप्तान हार्दिक पांड्या आईपीएल में छक्कों का शतक पूरा करने से महज एक शॉट दूर हैं और अगर इस मैच में वो कर देते हैं तो यह शतक पूरा हो जायेगा। वहीं पर शुबमन गिल को टी20 क्रिकेट में छक्कों का अर्धशतक पूरा करने के लिये एक शॉट की दरकार है। दिल्ली कैपिटल्स के लिये पृथ्वी शॉ भी आईपीएल में छक्कों का अर्धशतक पूरा करने की कगार पर हैं, जिसके लिये उन्हें बस 3 शॉट की दरकार है।

अक्षर पटेल भी लगायेंगे रिकॉर्डस की झड़ी
पुणे के मैदान पर अक्षर पटेल के लिये कई रिकॉर्ड उनके खाते में जुड़ते हुए नजर आ सकते हैं। सबसे पहले अगर वो इस मैच में 9 रन बना लेते हैं तो आईपीएल में 1000 रन पूरा कर लेंगे। वहीं अगर वो अपनी बल्लेबाजी के दौरान 3 छक्के लगा देते हैं तो आईपीएल में छक्कों का अर्धशतक पूरा कर लेंगे। गेंदबाजी के दौरान अक्षर पटेल को अगर 4 विकेट मिल जाते हैं तो वो टी20 क्रिकेट में अपने 150 विकेट पूरा कर लेंगे, जबकि 5 विकेट लेने पर आईपीएल में उनका विकेटों का शतक पूरा हो जायेगा। दिल्ली के लिये शार्दुल ठाकुर को भी टी20 क्रिकेट में 150 विकेट पूरा करने के लिये 3 विकेट की दरकार है।

इन खिलाड़ियों के नाम भी होगा रिकॉर्ड
गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज शुबमन गिल को आईपीएल में 1500 रन पूरा करने के लिये सिर्फ 83 रन की दरकार है और अगर वो बड़ी पारी खेलते हैं तो इसे पूरा कर सकते हैं। वहीं विजय शंकर को आईपीएल में चौकों का अर्धशतक पूरा करने के लिये 5 बाउंड्री की दरकार रह गई है। लंबे समय बाद आईपीएल में अच्छी फॉर्म में नजर आये डेविड मिलर को टूर्नामेंट में छक्कों का शतक पूरा करने के लिये 8 शॉटस की दरकार है।












Click it and Unblock the Notifications