IPL 2022: वानखेड़े में आयी रसेल की तूफानी बल्लेबाजी की आंधी, कोलकाता ने पंजाब को 6 विकेट से रौंदा
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम काफी शानदार अंदाज में नजर आ रही है और ऐसा लग रहा है कि टीम एक बार फिर से खिताब अपने नाम कर के ही वापस लौटेगी। नये कप्तान श्रेयस अय्यर के नेतृत्व में कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने पहले चेन्नई सुपर किंग्स को हराया तो वहीं पर दूसरे मैच में आरसीबी के खिलाफ लो स्कोरिंग मैच में आखिरी तक लड़े। ऐसे में जब पंजाब किंग्स के खिलाफ वो मैच में खेलने उतरे तो उनके सबसे तूफानी खिलाड़ी ने भी रनों की बारिश करते हुए महज 14.2 ओवर्स में ही मैच को खत्म कर दिया और पंजाब के खिलाफ 6 विकेट से जीत दिला दी।

केकेआर की टीम ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और उमेश यादव की शानदार गेंदबाजी के दम पर पंजाब किंग्स को 18.2 ओवर्स में ऑल आउट कर दिया। पंजाब किंग्स की टीम राजपक्षे (31) और रबाडा (25) की पारी के दम पर 137 रन का ही स्कोर खड़ा कर सकी, जिसके जवाब में केकेआर की टीम ने 14.2 ओवर्स में 6 विकेट से जीत हासिल कर ली और अंकतालिका में सबसे ऊपर पहुंच गये है।
और पढ़ें: 'उम्मीद है ज्यादा देर नहीं हुई' , IPL करियर का बेस्ट स्पेल फेंकने पर जानें क्या बोले उमेश यादव

गेंदबाजों ने दी पंजाब को अच्छी शुरुआत
पंजाब किंग्स की टीम ने 138 रनों को डिफेंड करते हुए शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी की और पहले 7 ओवर्स में सिर्फ 51 रन देकर 4 विकेट चटका दिये। कगिसो रबाडा ने अपने पहले ही ओवर में अजिंक्य रहाणे (12) को स्मिथ के हाथों कैच कराया जो कि 3 चौके लगाकर अच्छी लय में नजर आ रहे थे। इसके बाद ओडियन स्मिथ ने वेंकटेश अय्यर का विकेट लेकर केकेआर को दूसरा झटका दिया। पावरप्ले के बाद जब राहुल चाहर गेंदबाजी करने आये तो उन्होंने न सिर्फ मेडेन ओवर फेंका बल्कि 2 विकेट भी चटकाये। राहुल चाहर ने पहले अय्यर को कैच कराया तो वहीं पर नितिश राणा को एलबीडब्लयू कर वापस पवेलियन भेजा।

रसेल ने बदला मैच, 8 छक्के 2 चक्के लगाकर ठोंके 71 रन
पहले 7 ओवर में पंजाब किंग्स के हावी रहने के बाद ऐसा लगा कि केकेआर की टीम छोटे से स्कोर को आसानी से चेज नहीं कर पायेगी, लेकिन सैम बिलिंग्स (24) और आंद्रे रेसल (71) ने नाबाद पारियां खेलकर अगले 7.3 ओवर्स में 90 रन जोड़े और मैच को अपने नाम कर लिया। जहां सैम बिलिंग्स ने 23 गेंदों में एक चौका, एक छक्का लगाकर 24 रन की पारी खेली तो वहीं पर रसेल ने महज 26 गेंदों में अर्धशतक ठोंक दिया तो वहीं पर 31 गेंदों में 8 छक्के और 2 चौके लगाकर मैच को 14.2 ओवर्स में ही खत्म कर दिया और केकेआर को 6 विकेट से जीत दिला दी।

यादव ने चौथी बार लिया 4 विकेट हॉल
रसेल की इस पारी की वजह से उन्हें ऑरेंज कैप मिल गई है तो वहीं पर गेंदबाजी के दौरान 4 विकेट हासिल करने वाले उमेश यादव ने पर्पल कैप अपने नाम किया है। इस जीत के साथ कोलकाता नाइट राइडर्स की टीम ने 3 मैचों में 2 अपने नाम किये हैं और 4 अंक के साथ टॉप पर काबिज हो गई है। उमेश यादव ने 2013 के बाद आईपीएल में पहली बार जबकि अपने आईपीएल करियर में चौथी बार 4 विकेट हॉल लेने का कारनामा किया।












Click it and Unblock the Notifications