IPL 2022: मोइन अली की गलती से डिकॉक को मिला जीवनदान, 34 गेंदों में ठोंक दी फिफ्टी
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 7वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपरजाएंटस की टीम के बीच खेला गया, जहां पर फैन्स को टूर्नामेंट का तीसरा हाई स्कोरिंग एनकाउंटर देखने को मिला। लखनऊ की टीम ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया लेकिन पिच पर जल्दी ओस आने और घास होने की वजह से यहां पर बल्लेबाजों को काफी मदद मिलती नजर आयी। इसकी वजह से चेन्नई सुपर किंग्स की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 210 रन का स्कोर खड़ा किया और जीत के लिये 211 का लक्ष्य दिया।

चेन्नई सुपर किंग्स के लिये रॉबिन उथप्पा ने तेज तर्रार शुरुआत करते हुए महज 25 गेंदों में अर्धशतक लगाया तो वहीं पर शिवम दुबे (49) और मोइन अली (35) ने भी ताबड़तोड़ पारियां खेलकर अपनी टीम के लिये अच्छा स्कोर खड़ा किया। जवाब में लखनऊ सुपर जाएंटस की टीम ने विस्फोटक शुरुआत करते हुए 10 ओवर के अंदर 98 रन बना डाले।
और पढ़ें: CSK vs LSG: सीएसके की आंधी में उड़े लखनऊ के गेंदबाज, उथप्पा-दुबे के दम पर खड़ा किया 210 का स्कोर

मोइन अली ने छोड़ा डिकॉक का आसान सा कैच
पिच काफी गीली होने की वजह से यहां पर बॉलर्स के लिये विकेट चटका पाना आसान नहीं था लेकिन इसके बावजूद जब गेंदबाजों ने दोनों ओपनर्स का विकेट निकालने का मौका बनाया हालांकि फील्डर्स की गलती से टीम विकेट हासिल करने में नाकाम रही। लखनऊ की टीम ने पावरप्ले के अंदर ही 50 रन पूरे कर लिये थे, ऐसे में पहले विकेट की तलाश में जडेजा ने छठे ओवर में ड्वेन ब्रावो को गेंदबाजी करने के लिये बुलाया। ब्रावो के अनुभव का असर दूसरी ही गेंद पर देखने को मिला जब शॉट लगाने के चक्कर में क्विंटन डिकॉक ने एक्स्ट्रा कवर पर खड़े मोइन अली को आसान सा कैच थमा दिया, लेकिन डिकॉक सीधा हाथ में आयी इस गेंद को पकड़ नहीं सके और बड़ा जीवनदान दे दिया।

देशपांडे से भी छूटा राहुल का कैच
क्विंटन डिकॉक ने इस जीवनदान का पूरा फायदा उठाते हुए महज 34 गेंदों में अर्धशतक पूरा कर लिया। वहीं दूसरे छोर पर खड़े केएल राहुल ने भी अपनी पारी के दौरान 26 गेंदों में 40 रनों की पारी खेल डाली और पहले विकेट के लिये 99 रनों की साझेदारी कर डाली। 8वें ओवर में मोइन अली गेंदबाजी करने आये जिनकी आखिरी गेंद पर केएल राहुल ने एक्सट्रा कवर की तरफ शॉट खेला लेकिन उसे पकड़ने की कोशिश कर रहे तुषार देशपांडे से यह कैच भी ड्रॉप हो गया। सीएसके के लिये शुरुआती ओवर्स में दोनों ओपनर्स का कैच छोड़ना काफी भारी पड़ गया, जिसकी वजह से इस जोड़ी ने 10.1 ओवर्स में 11 चौके और 3 छक्के की मदद से 99 रन बना डाले।

प्रिटोरियस ने तोड़ी साझेदारी
लगातार दो कैच छोड़ने की वजह से लगभग मैच से बाहर नजर आ रही चेन्नई सुपर किंग्स के लिये केएल राहुल और डिकॉक की साझेदारी काफी खतरनाक नजर आ रही थी। तभी 11वें ओवर में ड्वेन प्रिटोरियस गेंदबाजी करने आये और दूसरी ही गेंद पर केएल राहुल को अंबति रायडु के हाथों कैच कराकर पहली सफलता दिला दी। वहीं 12वें ओवर में तुषार देशपांडे ने बल्लेबाजी करने आये मनीष पांडे को ब्रावो के हाथों कैच कराकर दूसरा झटका दिया।












Click it and Unblock the Notifications