CSK vs LSG: सीएसके की आंधी में उड़े लखनऊ के गेंदबाज, उथप्पा-दुबे के दम पर खड़ा किया 210 का स्कोर
नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग के 15वें सीजन का 7वां मैच ब्राबोर्न स्टेडियम पर खेला जा रहा है, जहां पर चेन्नई सुपर किंग्स की टीम का सामना लखनऊ सुपरजाएंटस से हुआ। दोनों टीमें इस मैच में हार के बाद खेलने पहुंची थी, ऐसे में टॉस का नतीजा दोनों ही टीमों के लिये काफी अहम होने वाला था। लखनऊ सुपरजाएंटस के लिये केएल राहुल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, हालांकि चेन्नई सुपर किंग्स के बैटर्स ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर राहुल के फैसले को गलत साबित कर दिया और निर्धारित 20 ओवर्स में 7 विकेट खोकर 210 रन का स्कोर बना दिया।

सीएसके की टीम के लिये रॉबिन उथप्पा (50) और ऋतुराज गायकवाड़ (1) ने पारी का आगाज किया और पहले विकेट के लिये 2.3 ओवर्स में 28 रन जोड़ डाले, हालांकि गायकवाड़ रन आउट का शिकार होकर वापस पवेलियन लौट गये और लगातार दूसरे मैच में अच्छी पारी खेलने से चूक गये। यहां से मोइन अली (35) ने उथप्पा के साथ पारी को आगे बढ़ाते हुए ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करना जारी रखा और अगले 5.1 ओवर्स में 52 रनों की साझेदारी कर डाली।
और पढ़ें: CSK vs LSG: चेन्नई के लिये वापस लौटे मोइन अली, केएल राहुल ने जीता टॉस, जानें कैसी है प्लेइंग 11

उथप्पा ने महज 25 गेंदों में ठोंका अर्धशतक
इस दौरान रॉबिन उथप्पा ने 25 गेंदों में 8 चौके और एक छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन रवि बिश्नोई ने उथप्पा का विकेट लेकर साझेदारी को तोड़ने का काम किया। मोइन अली ने भी 22 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 22 रनों की पारी खेली पर आवेश खान की गेंद पर बोल्ड होकर वापस पवेलियन लौटना पड़ा। सीएसके की टीम ने जल्दी-जल्दी 2 सेट बल्लेबाजों का विकेट खोया लेकिन इसके बावजूद उसने तेजी से रन बनाना नहीं छोड़ा।

अर्धशतक लगाने से चूके शिवम दुबे
मोइन अली के जाने के बाद शिवम दुबे (49) और अंबति रायडु (27) ने पारी को आगे बढ़ाते हुए चौथे विकेट के लिये 6 ओवर में 60 रन की साझेदारी कर डाली। बिश्नोई ने यहां पर रायडु को बोल्ड कर फिर साझेदारी तोड़ने का काम किया लेकिन शिवम दुबे ने तेजी से रन बनाना जारी रखा और 30 गेंदों में 5 चौके, 2 छक्के की मदद से 49 रनों की पारी खेली। शिवम दुबे एक रन से अपना अर्धशतक पूरा करने से चूक गये जिन्हें आवेश खान ने वापस पवेलियन भेजा।

7 हजारी बनें एमएस धोनी
धोनी ने इस मैच में आते ही छक्का लगाकर अपना खाता खोला जबकि दूसरी गेंद पर चौका लगा दिया। वहीं रविंद्र जडेजा ने भी 9 गेंदों में 3 चौके लगाकर 17 रनों की पारी खेली। धोनी ने पारी की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर टीम के स्कोर को 210 पर पहुंचा दिया। इस चौके के साथ ही महेंद्र सिंह धोनी ने टी20 क्रिकेट में अपने 7 हजार रन पूरे कर लिये और यह कारनामा करने वाले छठे भारतीय खिलाड़ी बन गये हैं। सीएसके की टीम ने अपनी इस पारी के दौरान 7 विकेट जरूर खोये लेकिन उसके बल्लेबाजों ने 24 चौके और 8 छक्के की मदद से 210 रन का स्कोर खड़ा किया।












Click it and Unblock the Notifications