T20 world cup में भारत के सभी मैचों का थिएटर में होगा लाइव प्रसारण, INOX का ICC के साथ करार
T20 world cup 2022 की शुरुआत 16 अक्टूबर से हो रही है। विश्व कप में भारत का पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ है। इस हाईवोल्टेज मुकाबले को लेकर देशभर में तैयारियां जोरशोर से चल रही हैं। कोई नया टीवी घर ला रहा है तो कोई बड़े पर्दे पर इस मैच को देखने की तैयारी कर रहा है। इस बीच मूवी थिएटर कंपनी INOX ने एक बड़ा ऐलान किया है। पीटीआई की रिपोर्ट के मुताबिक, आईनॉक्स टी20 विश्व कप में भारत के सभी मैचों का लाइव टेलिकास्ट अपने थिएटर्स में करेगा।

25 से अधिक शहरों में होगा लाइव टेलिकास्ट
जानकारी के मुताबिक, आईनॉक्स देश के 25 शहरों में टी20 विश्व कप में भारत के सभी मैचों का लाइव प्रसारण करेगा। आईनॉक्स ने इस संबंध में ICC के साथ एक समझौते पर हस्ताक्षर कर लिए हैं, जिसमें 23 अक्टूबर को भारत-पाकिस्तान के मैच से लेकर सेमीफाइनल और फाइनल मैच का प्रसारण भी शामिल है। आईनॉक्स की ओर से जारी एक आधिकारिक बयान के मुताबिक, "टी20 वर्ल्ड कप में भारत के सभी मैचों का लाइव प्रसारण 25 से अधिक शहरों में आईनॉक्स मल्टीप्लेक्स में दिखाया जाएगा।"
आईनॉक्स के एक अधिकारी ने कहा है, "सिनेमाघरों में क्रिकेट की स्क्रीनिंग करके हम अपने देश के सबसे पसंदीदा खेल यानी क्रिकेट के साथ विशाल स्क्रीन अनुभव और गरजती ध्वनि के रोमांच को एक साथ ला रहे हैं। विश्व कप का उत्साह और भावनाएं इस संयोजन में इजाफा करेंगी, जिसके परिणामस्वरूप क्रिकेट प्रेमियों के लिए एक आभासी व्यवहार होगा।" बता दें कि आईनॉक्स 165 मल्टीप्लेक्स, 705 स्क्रीन के साथ 74 शहरों में काम करता है और पूरे भारत में इसकी कुल 1.57 लाख सीटों की बैठने की क्षमता है।
आपको बता दें कि आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप का आगाज 16 अक्टूबर से हो रहा है। अभी टूर्नामेंट के क्वालीफाई मुकाबले खेले जाएंगे। वहीं 22 अक्टूबर से सुपर 12 चरण शुरू होगा, जिसका पहला मैच ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड के बीच होगा। टूर्नामेंट का फाइनल मैच 13 नवंबर को मेलबर्न में खेला जाएगा।












Click it and Unblock the Notifications