भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने रचा इतिहास, पहली बार IBSA World Games 2023 के फाइनल में बनाई जगह
IBSA World Games: भारतीय महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम (women's blind cricket team) ने आईबीएसए विश्व खेलों के फाइनल में प्रवेश कर इतिहास रच दिया है। इसके साथ ही भारतीय टीम अंतर्राष्ट्रीय ब्लाइंड स्पोर्ट्स के फाइनल के लिए क्वालीफाई करने वाली पहली टीम बन गई है।
आईबीएसए वर्ल्ड गेम्स में ब्लाइंड क्रिकेट की शुरुआत पिछले हफ्ते हुई, जिसमें इंग्लैंड और ऑस्ट्रेलिया ने पहला मैच खेला गया। जब भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने 20 अगस्त को टूर्नामेंट का अपना पहला मैच खेला, तो वीमेन इन ब्लू ने प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया।

ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ अपने शुरुआती मुकाबले में भारत ने 8 विकेट से मैच जीतकर अपने अभियान की शानदार शुरुआत की। महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया को 59/6 पर रोक दिया और अंत में लक्ष्य का आसानी से पीछा कर लिया।
इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मैच में भारत ने पूरी ताकत झोंक दी और गंगव्वा एच के 60 गेंदों में 117 रन की मदद से निर्धारित 20 ओवरों में 268/2 रन बनाए। इंग्लैंड ये मैच 185 रनों से हार गया। बुधवार को तीसरे मैच में भारत ने ऑस्ट्रेलिया को 163 रन से हराकर क्रिकेट में अपना दबदबा कायम रखा।
भारतीय महिला ब्लाइंड क्रिकेट टीम ने फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है और खिताबी मुकाबला शनिवार को खेला जाएगा। फाइनल से पहले भारत अपना आखिरी लीग मैच गुरुवार को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगा। वहीं दूसरी ओर पुरुष वर्ग में भारत शुक्रवार को सेमीफाइनल खेलेगा। अगर भारत सेमीफाइनल मुकाबला जीत जाता है, तो वह आईबीएसए वर्ल्ड गेम्स 2023 के फाइनल में पाकिस्तान से भिड़ेगा।












Click it and Unblock the Notifications