श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज का बयान, 2023 विश्व कप में टीम इंडिया की सबसे बड़ी जरूरत होंगे बुमराह
जसप्रीत बुमराह को लेकर श्रीलंका के पूर्व गेंदबाज दिलहारा फर्नांडो ने कहा है कि 2023 विश्व कप में बुमराह टीम इंडिया के अहम गेंदबाज हो सकते हैं और टीम को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत होगी।

टीम इंडिया के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह की वापसी लगातार टलती जा रही है। पीठ की चोट के कारण एशिया कप 2022 के बाद से टीम से बाहर चल रहे बुमराह आईपीएल का आगामी सीजन भी नहीं खेल पाएंगे। आईपीएल से बाहर होने के बाद बुमराह को लेकर अब यह खबरें आ रही हैं कि वो वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल से और उसके बाद वनडे विश्व कप से भी बाहर हो सकते हैं और अगर ऐसा होता है तो यह भारतीय टीम के लिए बहुत बड़ा झटका होगा।
विश्व कप में बुमराह हो सकते हैं अहम खिलाड़ी- फर्नांडो
बुमराह के विश्व कप से बाहर होने की खबरों पर श्रीलंका के पूर्व तेज गेंदबाज दिलहारा फर्नांडो ने कहा है कि विश्व कप 2023 के लिए भारत को बुमराह की सबसे ज्यादा जरूरत होगी। दिलहारा फर्नांडो ने टाइम्स ऑफ इंडिया के साथ बातचीत में कहा है कि विश्व कप 2023 के लिए भारत को रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह की सबसे ज्यादा जरूरत होगी। फर्नांडो ने कहा है कि बुमराह एक गेम चेंजर गेंदबाज हैं और विश्व कप में मेजबान टीम को उनकी जरूरत सबसे ज्यादा पड़ेगी। विश्व कप में बुमराह टीम के सबसे अहम खिलाड़ी साबित हो सकते हैं।
क्या कहा फर्नांडो ने ?
दिलहारा फर्नांडो ने इस इंटरव्यू में कहा है, "बुमराह अद्भुत गेंदबाज हैं। अगर उनके पिछले पांच साल के प्रदर्शन को देखा जाए तो पता चलेगा कि उन्होंने टीम के लिए बहुत बड़ी भूमिका निभाई है। बुमराह वास्तव में तेज गेंदबाजी आक्रमण का बहुत अच्छे से नेतृत्व करते हैं। वह गेम-चेंजर हैं। मुझे उनकी चोट के बारे में कोई सही अपडेट नहीं है, लेकिन वो विश्व कप में भारत के एक महत्वपूर्ण खिलाड़ी बन सकते हैं। विश्व कप में रोहित शर्मा और बुमराह दोनों ही महत्वपूर्ण खिलाड़ी हैं।
टीम की अहम कड़ी हैं बुमराह और रोहित- फर्नांडो
श्रीलंका के पूर्व क्रिकेटर का मानना है कि बुमराह और रोहित मैदान पर एक विशेष कॉम्बिनेशन बनाते हैं, क्योंकि यह दोनों मुंबई इंडियंस के लिए भी एकसाथ खेलते हैं। फर्नांडो ने आगे कहा है बुमराह के करियर को एक नई राह दिखाने में आईपीएल में बड़ी भूमिका निभाई है, आईपीएल से बुमराह ने बहुत कुछ सीखा है जो भारतीय टीम में उनके लिए काम आया है। उन्होंने कहा कि बुमराह और रोहित एक-दूसरे को करीब से जानते हैं और उनके बीच अच्छा तालमेल है इसलिए रोहित बुमराह को विश्व कप में जरूर होना चाहिए।












Click it and Unblock the Notifications