भारत बनाम वेस्टइंडीज, पहले वनडे मैच की भविष्यवाणी, कौन जीतेगा मुकाबला?
नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट के लिए 6 फरवरी 2022 एक ऐतिहासिक दिन होगा जब भारत अपना 1000वां वनडे मुकाबला खेलेगा और रोहित शर्मा एंड कंपनी मैच जीतकर दिन को यादगार बनाना चाहेगी। यह वेस्टइंडीज के खिलाफ भारत की घरेलू सीरीज है जिसके शुरू होने से पहले शिखर धवन, रुतुराज गायकवाड़, श्रेयस अय्यर, अक्षर पटेल जैसे खिलाड़ियों पर कोविड 19 की मार पड़ी है। भारतीय टीम इससे ठीक पहले दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 3-0 से अपना सूपड़ा साफ करा चुकी है।

अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में मुकाबला-
दूसरी ओर वेस्टइंडीज ने भी आयरलैंड के खिलाफ बहुत ज्यादा अच्छा प्रदर्शन नहीं किया है और वे भी इस सीरीज में अपनी पॉजिटिव शुरुआत करना चाहेंगे। मैच की जानकारी के लिए बता दें यह मुकाबला अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा और इसको आप 6 फरवरी के दिन दोपहर को 1:30 बजे से देख सकते हैं। लाइव स्ट्रीमिंग स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क पर देख सकते हैं। मुकाबले की पिच पर बात करें तो यह बल्लेबाजों के लिए बेहतर है और अगर कोई खिलाड़ी टिक जाता है तो वह काफी रन बना सकता है। भारतीय पिचों पर आमतौर पर स्पिनरों के लिए मदद मिलती है और यहां पर मैच के बाद में स्पिनरों को मदद मिल सकती है।

पिछले 10 वनडे मैचों में 233 रन का औसत स्कोर
इस मैदान पर पिछले 10 वनडे मैचों में 233 रन का औसत स्कोर बना है। इस दौरान लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम को पांच बार जीत और पांच बार हार मिली है। वेस्टइंडीज और भारतीय टीम के बीच काफी अच्छा ओडीआई इतिहास रहा है और दोनों टीमों के बीच अभी तक 133 वनडे मैच हुए हैं जिसमें भारत ने 64 और वेस्टइंडीज 63 मुकाबले जीते हैं दो मुकाबले टाई रहे और 4 का कोई भी नतीजा देखने को नहीं मिला।
इस मैच में भारत को अपने बल्लेबाजों से अच्छे नंबर आने की उम्मीद होगी और ऐसे में विराट कोहली पर नजरें होंगी।

कौन जीत सकता है मैच?
विराट कोहली पिछले बहुत समय से बड़ा स्कोर नहीं कर पा रहे हैं लेकिन उन्होंने दक्षिण अफ्रीका की मुश्किल पिच पर कुछ अच्छे अर्धशतक लगाए थे ऐसे में वे यहां पर वापसी कर सकते हैं। दूसरी और कोहली वेस्टइंडीज के खिलाफ खेलना पसंद करते हैं क्योंकि उन्होंने कैरेबियाई टीम के खिलाफ 38 पारियों में 2000 से ज्यादा रन बनाए हैं जिसमें उनका औसत 72.10 रहा है। कोहली अपने शतक की ओर भी देखेंगे क्योंकि वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे में 9 शतक लगा चुके हैं।
ऐसे ही युजवेंद्र चहल ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 5 मुकाबले खेले हैं और 8 विकेट चटकाए हैं। वे काफी कारगर साबित हो सकते हैं। सब चीजों को हम नजर में रखें तो भारत ही मैच को जीतने जा रहा है।












Click it and Unblock the Notifications