IND Vs SL: ट्रोलर्स को KL Rahul ने बल्ले से दिया करारा जवाब, अकेले दम पर भारत को जिताया मैच
India vs Sri Lanka, 2nd ODI: भारतीय टीम ने श्रीलंका को दूसरे वनडे मैच में हराकर सीरीज अपने नाम कर ली है। भारत की जीत में केएल राहुल का अहम योगदान रहा।

India vs Sri Lanka, 2nd ODI: श्रीलंका के खिलाफ दूसरे वनडे मैच में केएल राहुल ने भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया। पिछले कुछ समय से आउट ऑफ फॉर्म चल रहे केएल राहुल ने इस मुकाबले में दमदार बल्लेबाजी कर टीम को जीत की दहलीज तक पहुंचाने का काम किया। इस जीत के बाद भारतीय टीम ने सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल कर ली है। अब सीरीज का तीसरा मैच रविवार को खेला जाएगा।
केएल राहुल ने बनाए नाबाद 64 रन
अपनी फॉर्म को लेकर आलोचनाएं झेलने वाले केएल राहुल ने दूसरे वनडे मुकाबले में कमाल की बल्लेबाजी की। केएल राहुल ने 103 गेंदों में 6 चौके की मदद से नाबाद 64 रन बनाए। केएल राहुल की इस पारी की वजह से ही भारतीय टीम सीरीज के दूसरे मुकाबले को जीतने में सफल रही। केएल राहुल की इस पारी के बाद सोशल मीडिया पर फैंस उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
नहीं चला रोहित-कोहली का बल्ला
रोहित शर्मा और शुभमन गिल ने ताबड़तोड़ अंदाज में भारत को शुरुआत दिलाई। लेकिन ये दोनों लंबे समय तक पिच पर नहीं ठहर सकें। करुणारत्ने ने भारतीय कप्तान रोहित शर्मा का विकेट लेकर भारत को पहला झटका दिया। रोहित के बाद कुमार की गेंद पर शुभमन गिल भी अविष्का फर्नांडो के हाथों कैच आउट हो गए। भारत को तीसरा झटका पिछले मैच में शतक जड़ने वाले कोहली के रूप में लगा। कोहली इस मैच में सिर्फ 4 रन ही बना सके।
राहुल और हार्दिक ने की सूझबूझ भरी बल्लेबाजी
86 रन पर ही भारत ने 4 विकेट गंवा दिए थे और यहां से भारत के लिए वापसी करना मुश्किल लग रहा था। ऐसे में हार्दिक पंड्या और केएल राहुल ने टीम के लिए एक मजबूत साझेदारी निभाई। दोनों ही बल्लेबाजों ने पांचवें विकेट के लिए 75 रनों की साझेदारी निभाकर भारत को मुश्किल से निकालने का काम किया। पंड्या 36 रन बनाकर आउट हो गए। लेकिन केएल राहुल अंत तक पिच पर जमे रहे और टीम को जीत दिलाकर ही वापस लौटे।












Click it and Unblock the Notifications