IND vs SL: आखिरी टी20 में 4 बदलावों के साथ उतरा भारत, चोट की वजह से बाहर हुए ईशान किशन
नई दिल्ली। भारत और श्रीलंका के बीच खेली जा रही 3 मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच धर्मशाला के मैदान पर खेला जा रहा, जहां पर भारतीय टीम सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बनाने के बाद क्लीन स्वीप करने की ओर नजर बनाने की ओर देख रही है। वहीं पर श्रीलंका की टीम कम से कम एक जीत के साथ टेस्ट सीरीज के लिये जाना चाहेगी। भारत ने लखनऊ के मैदान पर खेले गये पहले मैच में 62 रनों से जीत हासिल की तो वहीं पर दूसरे मैच में 7 विकेट से जीत हासिल की।
Recommended Video

धर्मशाला के मैदान पर खेले जा रहे तीसरे और आखिरी टी20 मैच में श्रीलंका के कप्तान दशुन शनाका ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया है। पिच की बात करें तो आज का मैच कल वाली की बजाय दूसरी पिच पर खेला जा रहा है, जिसका मतलब है कि एक तरफ की बाउंड्री छोटी रहने वाली है, ऐसे में खिलाड़ी इसका भरपूर फायदा उठाना चाहेंगे।

दो बदलाव के साथ उतरी श्रीलंका
श्रीलंका की टीम ने इस मैच के लिये अपनी टीम में दो बदलाव के साथ उतरी है। दशुन शनाका ने टॉस के बाद कहा कि हम पहले बल्लेबाजी करेंगे क्योंकि यह मैदान बल्लेबाजी के लिये काफी अच्छा नजर आ रहा है। मैदान पर थोड़ी कम घास दिख रही है और पिच मजबूत नजर आ रही है। यह थोड़ी सी सूखी है तो पिच पर स्पिनर्स को फायदा मिल सकता है। श्रीलंका ने प्रवीन जयविक्रमा की जगह जनिथ लियांगे और कमिल मिसारा की जगह जेफरी वेंडरसे को जगह दी है।

किशन हुए चोटिल, भारत ने किये 4 बदलाव
वहीं भारतीय टीम के लिये सलामी बल्लेबाज ईशान किशन चोटिल हो गये हैं और तीसरे मैच से बाहर हो गये हैं। रोहित शर्मा ने टॉस पर बात करते हुए कहा कि हम आज 4 बदलावों के साथ उतरे हैं और आज के मैच में ईशान किशन चोट की वजह से नहीं खेल रहे हैं तो भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह और युजवेंद्र चहल को आराम दिया गया है। वहीं पर भारतीय टीम में आवेश खान, कुलदीप यादव, मोहम्मद सिराज और रवि बिश्नोई की वापसी हो रही है।

भारत के लिये सबसे ज्यादा टी20 खेलने वाले खिलाड़ी बने रोहित
रोहित शर्मा ने कहा कि हम टॉस जीतने के बाद पहले गेंदबाजी ही करना चाह रहे थे तो ऐसे में कुछ खास फर्क नहीं पड़ा है। हम खुद को एक बेहतर टीम बनाने के लिये लगातार चैलेंज देना चाह रहे हैं और यही वजह है कि बल्लेबाजी के मुफीद होने के बावजूद हम आज पहले गेंदबाजी करना चाह रहे थे। रोहित शर्मा इस मैच में उतरने के साथ ही भारत के लिये सबसे ज्यादा टी20 मैच खेलने वाले खिलाड़ी बन गये हैं। इसको लेकर जब रोहित से बात की गई तो उन्होंने कहा कि देश के लिये 125 बार अंतर्राष्ट्रीय टी20 मैचों में खेलना खास एहसास है। देश के लिये कई और सालों तक ऐसे ही खेलते रहना चाहता हूं।

जानें कैसी है दोनों टीमों की प्लेइंग 11-
भारत (प्लेइंग इलेवन): रोहित शर्मा (कप्तान), संजू सैमसन (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर, रवींद्र जडेजा, वेंकटेश अय्यर, दीपक हुड्डा, हर्षल पटेल, रवि बिश्नोई, मोहम्मद सिराज, कुलदीप यादव, अवेश खान।
श्रीलंका (प्लेइंग इलेवन): पथुम निसानका, दनुष्का गुणथिलका, चरित असलंका, दिनेश चंडीमल (विकेटकीपर), जेनिथ लियानागे, दासुन शनाका (कप्तान), चमिका करुणारत्ने, दुष्मंथा चमीरा, जेफरी वेंडरसे, बिनुरा फर्नांडो, लाहिरू कुमारा।












Click it and Unblock the Notifications