'8kg वजन घटाया, मीठा, कोल्ड ड्रिंक बंद, चाइनीज तो मेन्यू में ही नहीं हैं', फिर भी नहीं ले रहे टीम में
भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका सीरीज में दूसरी पंक्ति की टीम इंडिया खेल रही है। अब ऐसा बहुत बार देखा जा चुका है कि एक मुख्य टीम कोई बड़ा टूर्नामेंट खेल रही होती है और दूसरी टीम उसी समय कहीं और बाकी मुकाबले पूरे कर रही होती है। शिखर धवन इस समय प्रोटियाज के खिलाफ घरेलू सीरीज में भारत के कप्तान हैं। इस टीम में कई खिलाड़ी हैं पर पृथ्वी शॉ (Prithvi Shaw) का नाम गायब है। ऐसा लगता है ये खिलाड़ी एकदम से सिलेक्टरों के रडार से गायब हो गया है। जबकि मौजूदा टीम में शुबमन गिल, संजू सैमसन, ईशान किशन, रजत पाटीदार के अलावा शार्दुल ठाकुर, मोहम्मद सिराज, आवेश खान, कुलदीप यादव, रवि विश्नोई जैसे खिलाड़ी खेल रहे थे। (फोटो सौजन्य- Prithvi Shaw इंस्टाग्राम)

पृथ्वी शॉ को नहीं लेने के चलते कई लोग हैरान
ये खिलाड़ी मुख्य टीम का हिस्सा नहीं हैं लेकिन इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए लगातार सिलेक्टरों के रडार पर हैं। जाहिर है पृथ्वी शॉ को नहीं लेने के चलते कई लोग हैरान हुए हैं। शॉ ने पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में बढ़िया प्रदर्शन किया था और फिर उन्होंने पिछले महीने न्यूजीलैंड ए के खिलाफ हुई भारत ए सीरीज में भी 77 रन बनाए थे।

भारत बनाम साउथ अफ्रीका सीरीज से बाहर होकर निराश
अपने बाहर होने पर शॉ निराश हैं और उन्होंने मिड डे से बात करते हुए कहा, "मैं निराश हूं। मैं रन बना रहा हूं, काफी हार्ड वर्क कर रहा हूं लेकिन मुझे मौका नहीं मिल रहा है।
"लेकिन ठीक है जब सिलेक्टरों को लगेगा वे मुझे खिला लेंगे। मुझे जो भी मौका मिलता है चाहे वो इंडिया ए के लिए हो या बाकी किसी ओर टीम के लिए, मैं अपना बेस्ट देना सुनिश्चित करता हूं और अपने फिटनेस लेवल को सटीक रखता हूं।"

आईपीएल के बाद से अपना वजन 7-8 किलो घटा लिया
शॉ ने बताया उन्होंने इस साल आईपीएल के बाद से अपना वजन 7-8 किलो घटा लिया है।
उन्होंने कहा, "मैंने अपनी बैटिंग में अलग चीजें नहीं की हैं, लेकिन अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है। मैंने वजन घटाने पर काम किया और पिछले आईपीएल से अब तक 8 किलो घटा लिया है। मैंने जिम में बहुत समय बिताया, काफी रनिंग की, कोई मिठाई नहीं खाई, ना कोल्ड ड्रिंक पी। चाइनीज तो अब पूरी तरह से मेरे खाने के मेन्यू से बाहर है।"
22 साल के पृथ्वी शॉ ऐसे खिलाड़ी हैं जो कम लंबाई (5 फुट 5 इंच) होने के बावजूद अपनी आक्रामकता के लिए चर्चित हैं। वे इस कदकाठी में बड़े तेज गेंदबाजों पर प्रहार करने की काबिलियत में सचिन तेंदुलकर की याद दिलाते हैं।

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी पर रनों का अंबार लगाने पर ध्यान
दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ नजरअंदाज किए जाने के बाद शॉ अब उम्मीद कर रहे हैं उनको सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में काफी रन बनाने के लिए मिलेंगे। वे उस पर ध्यान दे रहे हैं।
उन्होंने कहा, मैंने यहां ( अहमदाबाद) में कुछ मैच प्रैक्टिस के खेले हैं। सभी खिलाड़ी बढ़िया शेप में हैं। हमारे पास बढ़िया ऑलराउंडर, बैटर और बॉलर हैं। मुझे यकीन है ये मजबूत टीम है। सभी सपोर्ट स्टॉफ ने हार्ड वर्क किया है ताकि हमारी तैयारियां सही हो सकतें और मुझे टीम के बढ़िया करने पर भरोसा है। इस टीम के सभी खिलाड़ी किसी ना किसी जगह पर स्थापित हैं, वे अच्छे लेवन पर खेल चुके हैं और अनुभवी है।












Click it and Unblock the Notifications