IND vs SA: 3 मौके जब मैदान पर भिड़े जसप्रीत बुमराह, डिविलियर्स को भी कर चुके हैं स्लेज

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह को मैदान पर उनके शांत स्वाभाव के लिये जाना जाता है, जो कि अक्सर अपने काम से काम रखते हुए नजर आते हैं। वह उन खिलाड़ियों में से एक हैं जो मैदान पर अपने काम से काम रखते हैं और भावनाओं में नहीं बहते हैं। जसप्रीत बुमराह भारतीय टीम के बेहद अहम गेंदबाज हैं और पिछले कुछ सालों में भारतीय टीम की जीत में अहम भूमिका निभाते आ रहे हैं। हालांकि मैदान पर अक्सर शांत रहने वाले खिलाड़ी भी कभी-कभी अपना आपा खो बैठते हैं। भारत के पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी को उनके शांत स्वाभाव की वजह से कैप्टन कूल के नाम से जाना जाता है, लेकिन उनके क्रिकेट करियर के दौरान कुछ ऐसे लम्हे भी आये जब वो अपना आपा खोते नजर आये।
और पढ़ें: IND vs SA: 4 कारण जिसकी वजह से जोहान्सबर्ग टेस्ट में हारी टीम इंडिया, जानें कहां हुई गलती
जसप्रीत बुमराह के साथ भी जोहान्सबर्ग टेस्ट के दौरान ऐसा ही कुछ देखने को मिला। आपको जानकर हैरानी होगी कि यह पहली बार नहीं है जब जसप्रीत बुमराह अपना आपा खोते नजर आये। उल्लेखनीय है कि तेज गेंदबाजों के लिये मैदान पर आक्रामक होना आम बात है लेकिन जसप्रीत बुमराह के मामले में अब तक यह सिर्फ 3 बार ही देखने को मिला है।
और पढ़ें: IND vs SA: 3 खिलाड़ी जिनके दम साउथ अफ्रीका ने जोहान्सबर्ग में रचा इतिहास, मिली ऐतिहासिक जीत

जब डिविलियर्स से भिड़े थे बुमराह
हाल ही में क्रिकेट के हर प्रारूप से संन्यास लेने वाले साउथ अफ्रीका के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स और जसप्रीत बुमराह पहली बार मैदान पर भिड़ते नजर आये थे। यह तब कि बात है जब बुमराह अपने करियर की उड़ान भरना शुरू ही कर रहे थे। साल 2017 में रिलीज किये गये वॉट द डक के एक एपिसोड में बुमराह ने खुद इस बात का खुलासा करते हुए बताया था कि आईपीएल 2014 के दौरान उन्होंने इस दिग्गज खिलाड़ी को स्लेज किया था। इस दौरान एबी डिविलियर्स ने उनके रिएक्शन पर कोई ध्यान नहीं दिया था और वापस ड्रेसिंग रूम चले गये थे। इस घटना के बाद जसप्रीत बुमराह को सोशल मीडिया पर काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा था, जिसमें लोग डिविलियर्स जैसे दिग्गज बल्लेबाज को स्लेज करने की हिम्मत करने पर निशाना साध रहे थे। बुमराह ने इस दौरान साफ किया था कि उन्हें विपक्षी खिलाड़ियों को स्लेज करना पसंद नहीं है और वो आमतौर पर शांत रहते हैं क्योंकि जब किसी को गुस्सा आता है तो आप जो करने की सोच रहे होते हैं उसका उलटा हो जाता है जो प्रदर्शन पर प्रभाव डालता है। यह घटना आईपीएल 2014 में 6 मई को हुई थी जिसमें डिविलियर्स सिर्फ 9 रन ही बना सके थे।

जब बुमराह ने की एंडरसन की बोलती बंद
मैदान पर भिड़ने की यह घटना 2021 में इंग्लैंड दौरे की है जब भारतीय टीम दूसरा टेस्ट मैच खेलने के लिये लॉर्डस के मैदान पर उतरी थी। इस मैच में पहले दो दिन इंग्लैंड का पलड़ा भारी था लेकिन जैसे ही बुमराह और एंडरसन के बीच मैदान पर जुबानी जंग हुई, खेल का रुख बदल गया और भारत ने 151 रनों से मैच को जीत लिया। यह घटना मैच के तीसरे दिन हुई जब बल्लेबाजी करने आये जेम्स एंडरसन को बुमराह ने एक ही ओवर में कई सारी बाउंसर मारी। बुमराह ने इस ओवर में 4 नो बॉल समेत 10 गेंदे फेंकी, इस दौरान उनकी पहली बाउंसर एंडरसन के हेलमेट पर लगी और उन्हें कनकशन चेक कराना पड़ा। हालांकि इसके बाद वो रुके नहीं और ओवर में 6 बाउंसर मारी।
बुमराह की बाउंसर्स से नाराज एंडरसन ने मैदान से जाते हुए कुछ बातें कहीं जिसने पूरी भारतीय टीम को जोश में भर दिया। चौथे दिन जब भारतीय टीम बल्लेबाजी करने उतरी तो बुमराह ने शमी के साथ 9वें विकेट के लिये नाबाद 89 रनों की साझेदारी की और टीम को अच्छे स्कोर पर पहुंचा दिया।

मार्को जेंसन से भी हुई बहस
जोहान्सबर्ग के मैदान पर खेले गये दूसरे टेस्ट मैच में भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और साउथ अफ्रीका के मार्को जेंसन के बीच बहस देखने को मिली। मैच के तीसरे दिन जब 54वें ओवर में जेंसन गेंदबाजी करने आये तो बुमराह बल्लेबाजी कर रहे थे। जेंसन ने बुमराह को दो लगाता शॉर्ट बॉल फेंकी जिसमें से एक बुमराह के कंधे पर जाकर लगी। बुमराह जेंसन की ओर देखते हुए अपना कंधा झाड़ते नजर आये। इसके बाद जेंसन ने फिर से शॉर्ट बॉल फेंकी और बुमराह बल्ला चलाने की कोशिश में मिस कर गये। यहां पर जेंसन ने बुमराह को कुछ शब्द कहे, जिसके बाद भारतीय पेसर ने जेंसन को अपनी तरफ बुलाया और कहा कि उन्हें बाउंसर्स से डर नहीं लगता, आप फेंकते रहिये, हालांकि जेंसन को यह बात पसंद नहीं आयी और मैदान पर माहौल थोड़ा गर्म हो गया। इस दौरान अंपायर्स ने बीच बचाव किया। बुमराह ने अगले ओवर में रबाडा की गेंद पर छक्का लगाया, लेकिन एंगिडी के ओवर में जेंसन ने उनका कैच पकड़कर वापस पवेलियन भेज दिया। गौरतलब है कि खराब बल्लेबाजी और बारिश के दखल के चलते भारत को इस मैच से 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications