लगातार हार के बाद न्यूजीलैंड के लिए बुरी खबर, 2 खिलाड़ी टीम से बाहर, भारत के खिलाफ अगले मैच में मिलेगी पटखनी?
भारत के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज में 0-2 से पिछड़ रही न्यूजीलैंड की टीम को बड़ा झटका लगा है। कीवी टीम के दो प्लेयर्स बाहर हो गए हैं। तीसरे मैच से पहले न्यूजीलैंड के लिए इसे एक अच्छी खबर तो कभी नहीं कही जा सकती है।
तेज गेंदबाज मैट हेनरी अब सीरीज के बाकी टी20 मुकाबलों में नहीं खेलेंगे, जबकि लॉकी फर्ग्यूसन तीसरे टी20 इंटरनेशनल मैच से बाहर रहेंगे। हालांकि, फर्ग्यूसन सीरीज के आखिरी दो मैचों के लिए टीम में वापसी करेंगे। न्यूजीलैंड ने यह फैसला खिलाड़ियों के वर्कलोड मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए लिया है।

मैट हेनरी को भारत के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले के दौरान परेशानी हुई थी। क्राइस्टचर्च में खेले गए इस मैच में वह केवल दो ओवर गेंदबाजी करने के बाद मैदान से बाहर चले गए थे। न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सैंटनर ने बताया था कि हेनरी की पिंडली में खिंचाव था और उन्हें एहतियात के तौर पर मैदान से बाहर भेजा गया था।
अब हेनरी टी20 सीरीज के बाकी मुकाबलों में हिस्सा नहीं लेंगे। वह क्राइस्टचर्च में ही रुकेंगे और 2 नवंबर को ऑकलैंड में न्यूजीलैंड की वनडे टीम से जुड़ेंगे। भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होनी है। ऐसे में टीम मैनेजमेंट आगामी मुकाबलों को ध्यान में रखकर तेज गेंदबाजों के वर्कलोड को संभाल रहा है।
वापस लौटेंगे फर्ग्यूसन
लॉकी फर्ग्यूसन भी दूसरे टी20 मैच के दौरान एहतियातन मैदान से बाहर गए थे। वह वेलिंगटन में 27 अक्टूबर को होने वाले तीसरे टी20 मुकाबले में उपलब्ध नहीं रहेंगे। हालांकि, न्यूजीलैंड के लिए राहत की बात यह है कि फर्ग्यूसन ऑकलैंड और हैमिल्टन में होने वाले सीरीज के अंतिम दो मैचों के लिए टीम में लौट आएंगे।
न्यूजीलैंड के सामने सीरीज बचाने की चुनौती
भारत ने शुरुआती दोनों टी20 मुकाबले चार-चार विकेट से जीतकर सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है। दोनों मैचों में भारतीय टीम ने लक्ष्य का पीछा करते हुए जीत दर्ज की। अब तीसरा मुकाबला न्यूजीलैंड के लिए बेहद अहम होगा। टीम के पास सीरीज में वापसी करने का मौका है लेकिन प्रमुख तेज गेंदबाजों की उपलब्धता में बदलाव उसकी रणनीति को प्रभावित कर सकता है।


Click it and Unblock the Notifications
