IND vs NZ, 1st Test: आखिर कौन है भारत की हार का सबसे बड़ा गुनहगार? कप्तान रोहित ने भी मानी बड़ी गलती
India vs New Zealand, 1st Test: न्यूजीलैंड ने टीम इंडिया को टेस्ट सीरीज के पहले मैच में 8 विकेट से हराकर दमदार जीत हासिल की है। इसके साथ ही न्यूजीलैंड ने 3 टेस्ट मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। भारत ने न्यूजीलैंड को 107 रनों का लक्ष्य दिया, जिसे कीवी टीम ने दो विकेट खोकर हासिल कर लिया। न्यूजीलैंड की पहली पारी में रचिन रवींद्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 134 रन बनाए।
भारत को मिली हार
भारतीय टीम अपनी पहली पारी में केवल 46 रन पर आउट हो गई थी, जबकि न्यूजीलैंड ने 402 रन बनाए थे। पहली पारी के आधार पर न्यूजीलैंड ने 356 रनों की बढ़त प्राप्त की। दूसरी पारी में भारत के सरफराज खान ने 150 रन और ऋषभ पंत ने 99 रन के अलावा विराट कोहली ने 70 रन की पारी खेलकर टीम को मजबूती प्रदान की। लेकिन अंतिम बल्लेबाजों का योगदान निराशाजनक रहा, जिससे भारतीय टीम 462 रनों पर आउट हो गई।

हार का गुनहगार कौन?
ऐसे में सबसे बड़े सवाल यह है कि इस हार गुनहगार कौन है। रोहित शर्मा ने दूसरे दिन 46 रनों पर ऑल आउट होने के बाद अपनी बड़ी गलती कबूली थी। उन्होंने कहा था कि उनसे पिच को पढ़ने में गलती हुई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का भारत का फैसला गलत साबित हुआ। भारतीय बल्लेबाजों द्वारा पहली पारी में की गई गलती टीम के हार की सबसे बड़ी वजह रही।
रोहित ने क्या कहा
मैच हारने के बाद कप्तान रोहित शर्मा ने कहा कि दूसरी पारी में बल्ले से अच्छा प्रयास किया। लेकिन पहली पारी में हमारा प्रदर्शन अच्छा नहीं था। इसलिए हमें आगे की स्थिति का पता था और कुछ खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन किया। जब आप 350 रन पीछे होते हैं, तो इस पर ज्यादा विचार नहीं कर सकते, बस गेंद को देखना और बल्लेबाजी करनी होती है। कुछ साझेदारियां वास्तव में देखने के लिए रोमांचक थीं।
वापसी की उम्मीद
रोहित ने आगे कहा कि हम दबाव में आकर आउट हो सकते थे, लेकिन मुझे हमारे प्रयास पर गर्व है। ऋषभ ने कुछ गेंदें छोड़ीं और फिर शॉट्स खेले। सरफराज ने भी परिपक्वता दिखाई। मैंने अपनी प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा था कि हमें पता था कि शुरुआत में स्थिति कठिन होगी, लेकिन हमें 46 पर आउट होने की उम्मीद नहीं थी। न्यूजीलैंड ने अच्छी गेंदबाजी की और हम उसका जवाब देने में असफल रहे। ऐसे मैच होते हैं। हम आगे बढ़ेंगे। हमने इंग्लैंड के खिलाफ एक मैच खोया और उसके बाद चार मैच जीते।












Click it and Unblock the Notifications