55 लाख की आबादी वाले देश से भिड़ेगी टीम इंडिया, सूर्या की कप्तानी में खेले जाएंगे 2 T20 मुकाबले
India Tour of Ireland: भारतीय क्रिकेट फैंस के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आ रही है। टी20 वर्ल्ड कप 2026 की ऐतिहासिक जीत के बाद विश्व चैंपियन टीम इंडिया अब एक ऐसे देश का दौरा करने वाली है जिसकी कुल जनसंख्या (लगभग 55 लाख) दिल्ली के एक छोटे से हिस्से के बराबर है।
जी हां, सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली भारतीय टीम जून के आखिरी हफ्ते में आयरलैंड के दौरे पर जाएगी। क्रिकबज के अनुसार, बीसीसीआई (BCCI) और क्रिकेट आयरलैंड के बीच बातचीत अंतिम चरण में है।

भारतीय टीम अपने इंग्लैंड दौरे (जो 1 जुलाई से शुरू हो रहा है) से ठीक पहले आयरलैंड में रुककर 2 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलेगी। ये दोनों ही मुकाबले डबलिन के मालाहाइड क्रिकेट क्लब ग्राउंड पर खेले जाने की संभावना है।
आयरलैंड के दिग्गज खिलाड़ी पॉल स्टर्लिंग ने हाल ही में टी20 कप्तानी छोड़ी है। ऐसे में आयरलैंड के नए कप्तान का पहला इम्तिहान दुनिया की नंबर-1 टी20 टीम के खिलाफ होगा।
घरेलू सीरीज के बाद विदेश दौरा
20 जून को अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज खत्म करने के बाद टीम इंडिया सीधे आयरलैंड उड़ान भरेगी। यह सीरीज इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली 5 मैचों की टी20 सीरीज के लिए वॉर्म-अप का काम करेगी। टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद कप्तान के तौर पर सूर्या का यह पहला विदेशी दौरा होगा, जिस पर दुनिया भर की नजरें टिकी होंगी।
इंग्लैंड दौरे की शुरुआत 1 जुलाई से चेस्टर-ले-स्ट्रीट में पहले टी20 मुकाबले के साथ होगी और इस अहम मैच की तैयारी के लिए टीम को कुछ दिन पहले ही इंग्लैंड पहुंचना जरूरी होगा। जल्दी ही आयरलैंड दौरे को लेकर चीजें साफ़ हो जाएंगी।
कुछ अन्य दौरों की बन रही योजना
क्रिकबज के मुताबिक टी20 वर्ल्ड कप विजेता टीम के लिए अगले 12 महीने बेहद व्यस्त रहने वाले हैं, जहां बीसीसीआई पहले से घोषित इंग्लैंड, यूएई, बांग्लादेश और जापान (एशियन गेम्स) दौरों के साथ-साथ अतिरिक्त सीरीज आयोजित करने की योजना बना रहा है।












Click it and Unblock the Notifications