IND vs ENG: बढ़ सकती है रोहित शर्मा की टेंशन, इंग्लैंड के खिलाफ मैच विनर गेंदबाज का खेलना मुश्किल
India vs England Series: साउथ अफ्रीका के खिलाफ भारतीय टीम ने अपना आखिरी टेस्ट मुकाबला खेला था। केपटाउन के मैदान में टेस्ट क्रिकेट के इतिहास में पहली बार भारतीय टीम को जीत मिली थी। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम दक्षिण अफ्रीका दौरे को एक-एक की बराबरी पर खत्म करने में सफल रही। दक्षिण अफ्रीका में यह दूसरी बार है जब भारतीय टीम कोई टेस्ट सीरीज ड्रा करने में कामयाब रही। इससे पहले साल 2010-11 के दौरान महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम ने टेस्ट सीरीज को ड्रॉ कराया था।
इंग्लैंड से होगा सामना: भारत को अब 25 जनवरी से इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचो की टेस्ट सीरीज खेलनी है। यह सीरीज वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप के लिहाज से दोनों ही टीमों के लिए अहम है। इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम के तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी का खेलना मुश्किल दिखाई दे रहा है। मोहम्मद शमी दक्षिण अफ्रीका दौरे पर भी टीम के साथ नहीं थे।

चोटिल हैं मोहम्मद शमी: इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक मोहम्मद शमी इंग्लैंड के खिलाफ 25 जनवरी से हैदराबाद में शुरू होने वाली पांच मैचो की सीरीज के पहले टेस्ट में नजर नहीं आएंगे। टखने की चोट के कारण मोहम्मद शमी पांच मैच की टेस्ट सीरीज के पहले दो मुकाबले से बाहर रह सकते हैं। वह आने वाले दिनों में अपनी फिटनेस साबित करने के लिए एनसीए जाएंगे। इसके बाद ही उन्हें भारतीय टीम में शामिल किया जा सकेगा।
वापसी में लगेगा समय: बीसीसीआई के सूत्रों के मुताबिक मोहम्मद शमी ने अभी तक गेंदबाजी करना शुरू नहीं किया है। उन्हें पहले एनसीए जाकर अपनी फिटनेस साबित करनी होगी। शमी की अनुपस्थिति भारत के लिए बड़ा झटका हो सकता है। कप्तान रोहित शर्मा, मोहम्मद शमी की जगह किसी युवा खिलाड़ी को मौका दे सकते हैं।
शानदार फॉर्म में शमी: मोहम्मद शमी ने वनडे वर्ल्ड कप 2023 में भारत की तरफ से सबसे अधिक विकेट लिए थे। शुरुआती चार मुकाबले में प्लेइंग इलेवन से बाहर रहने के बावजूद मोहम्मद शमी ने मिले मौके का जबरदस्त फायदा उठाया। मोहम्मद शमी अपनी कहर बरपाती गेंद की वजह से पिछले कुछ समय से लगातार सुर्खियों में बने हुए थे।
मोहम्मद शमी अगर इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज का हिस्सा नहीं होते हैं तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका होगा। मोहम्मद शमी रेड बॉल क्रिकेट में कई बार अपनी छाप छोड़ चुके हैं। ऐसे में इंग्लैंड के खिलाफ शमी भारत के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं।












Click it and Unblock the Notifications