IND vs ENG: भारतीय टीम की जबरदस्त बल्लेबाजी, 15 साल पुराना रिकॉर्ड ध्वस्त, चौके-छक्के देख फैंस मस्त
India vs England 3rd Test Highlights: इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट को भारतीय टीम ने 434 रनों से जीत लिया। रनों के लिहाज से टेस्ट फॉर्मेट में इंग्लैंड के खिलाफ यह भारत की सबसे बड़ी जीत रही। भारतीय बल्लेबाजों ने राजकोट के मैदान पर चौक-छक्कों की झड़ी लगा दी।
भारतीय बल्लेबाजों का कमाल
राजकोट टेस्ट की पहली पारी में कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 445 रन बनाए। जिसके बाद इंग्लैंड की टीम अपनी पहली पारी में महज 319 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। दूसरी पारी में भी भारतीय टीम के बल्लेबाजों का दमदार प्रदर्शन जारी रहा। भारत ने दूसरी पारी में 430 रन बनाकर पारी घोषित कर दी।

434 रनों से मिली जीत
इंग्लैंड को इस मुकाबले को जीतने के लिए 557 रनों का लक्ष्य मिला। लेकिन इंग्लैंड की पूरी टीम महज 122 रनों पर ऑल आउट हो गई। इस तरह भारत ने इस मुकाबले को 434 रनों से जीत लिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम पांच मैचों की सीरीज में 2-1 से बढ़त हासिल कर ली है। दोनों ही देश के बीच सीरीज का चौथा टेस्ट मैच बेहद अहम होने वाला है।
टूट गया 15 साल पुराना रिकॉर्ड
राजकोट टेस्ट में भारतीय टीम ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। राजकोट टेस्ट की दूसरी पारी में भारतीय बल्लेबाजों ने कुल 18 छक्के लगाए। इससे पहले भारत ने श्रीलंका के खिलाफ साल 2009 में एक पारी के दौरान सबसे अधिक 15 छक्के लगाए थे। ऐसे में भारतीय टीम ने अपने 15 साल पुराने रिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। भारतीय टीम के नाम अब एक पारी में सबसे अधिक 18 छक्के लगाने का रिकॉर्ड इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट के मैदान पर दर्ज हो गया है।
यशस्वी, सरफराज ने दिखाया दम
वहीं एक टेस्ट मैच में भी सबसे अधिक छक्का मारने के मामले में भारतीय टीम ने रिकॉर्ड बना दिया है। इंग्लैंड के खिलाफ राजकोट टेस्ट में भारतीय बल्लेबाजों ने 28 छक्के लगाए। इससे पहले भारतीय टीम ने सबसे अधिक साउथ अफ्रीका के खिलाफ साल 2019 में 27 छक्के जड़े थे। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ अपना ही यह रिकॉर्ड तोड़ दिया है। राजकोट टेस्ट में यशस्वी जायसवाल शुभमन गिल और सरफराज खान ने अपनी बल्लेबाजी से सभी का दिल जीतने का काम किया।












Click it and Unblock the Notifications