IND vs ENG: भारत के बल्लेबाजों ने मचाया गदर, दो शतक और एक अर्धशतक, बना लिए 445 रन
India vs England 3rd Test, Rajkot: इंग्लैंड के खिलाफ भारतीय टीम ने राजकोट टेस्ट मैच में अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। तीसरे टेस्ट मैच में भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीत कर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। दूसरे दिन दूसरे सेशन में भारतीय टीम ऑल आउट हो गई। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 445 रन बना लिए हैं।
रोहित-जडेजा ने जड़ा शतक
भारत की तरफ से कप्तान रोहित शर्मा ने सबसे अधिक 131 रनों की पारी खेली। रोहित शर्मा के अलावा ऑलराउंडर खिलाड़ी रविंद्र जडेजा ने भी शतक जड़ने में कामयाबी हासिल की। रविंद्र जडेजा 112 रन बनाकर कैच आउट हो गए। इन दोनों बल्लेबाजों के शतक की बदौलत भारतीय टीम 400 से अधिक रन बनाने में कामयाब रही।

सरफराज खान ने भी जीता दिल
भारत की तरफ से डेब्यू करने वाले सरफराज खान और ध्रुव जुरेल दोनों के लिए ही पहला टेस्ट मैच शानदार रहा। सरफराज खान ने अपने करियर के पहले टेस्ट मैच में 62 रनों की पारी खेली। वहीं ध्रुव जुरेल चार रनों से अपने अर्धशतक पूरा करने से चूक गए। उन्होंने 46 रन बनाए और आखिरी के बल्लेबाजों के साथ अहम साझेदारी निभाई।
गेंदबाजों को दिखाना होगा दम
भारतीय टीम के तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद सिराज गेंद से इंग्लैंड के खिलाफ शानदार शुरुआत करना चाहेंगे। इन दोनों ही गेंदबाजों की कोशिश शुरुआती ओवरों में ही विकेट चटकाने की होगी। इसके अलावा कुलदीप यादव से भी कप्तान रोहित शर्मा को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
रविचंद्रन अश्विन और रविंद्र जडेजा की जोड़ी भी इंग्लैंड को परेशान करने का काम कर सकती हैं। जडेजा और अश्विन की जोड़ी भारतीय टेस्ट की सबसे सफल जोड़ी रही है। ऐसे में इन दोनों ही गेंदबाजों के खिलाफ इंग्लैंड के खिलाड़ियों को संभलकर बल्लेबाजी करनी होगी।












Click it and Unblock the Notifications