भारत ने बांग्लादेश को 133 रनों से हराया, सीरीज 3-0 से क्लीन स्वीप, संजू सैमसन बने हीरो
India vs Bangladesh 3rd T20: टीम इंडिया ने बांग्लादेश के खिलाफ तीन मैचों की टी20 सीरीज का आखिरी मैच अपने नाम किया। हैदराबाद में भारतीय टीम ने सीरीज क्लीन स्वीप करते हुए बांग्लादेश को हार थमा दी है। राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय बल्लेबाजों ने चौके-छक्कों की झड़ी लगा दी। इस मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड भी बने। भारत के लिए संजू सैमसन ने इस मुकाबले शतक जड़ने का काम किया। भारत ने इस मुकाबले को 133 रनों से अपने नाम किया।
भारत ने बनाया सबसे बड़ा स्कोर
इस मैच से पहले टी-20 में भारतीय टीम का सबसे बड़ा स्कोर 5 विकेट खोकर 260 रन था। लेकिन राजीव गांधी इंटरनेशनल स्टेडियम में भारतीय टीम ने अब तक अपना सबसे बड़ा स्कोर बनाने में कामयाबी हासिल की। भारत टी-20 अंतरराष्ट्रीय में 300 रन का आंकड़ा छूने वाला दूसरा देश बनने से चूक गया। भारत ने बांग्लादेश के खिलाफ इस मुकाबले में 297 रनों का स्कोर खड़ा किया।

बांग्लादेश की शुरुआत खराब
298 रनों का पीछा करते हुए बांग्लादेश की शुरुआत खराब रही। तेज गेंदबाज मयंक यादव ने शानदार शुरुआत करते हुए सलामी बल्लेबाज परवेज हुसैन इमोन को पहली ही गेंद पर खाता खोले बिना पवेलियन भेज दिया। इसके बाद वाशिंगटन सुंदर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तंजिद हसन को रियान पराग के हाथों कैच कराया। रवि बिश्नोई ने कप्तान नजमुल हुसैन शांतो को आउट कर बांग्लादेश को बड़ा झटका दिया।
लिटन दास और तौहीद ह्रदोय ने दिखाया दम
बांग्लादेश की तरफ से तौहीद ह्रदोय और लिटन दास ने अच्छी बल्लेबाजी की। तौहीद ह्रदोय 57 तो लिटन दास 42 रन बनाकर आउट हुए। मयंक यादव ने शानदार गेंदबाजी करते हुए महमूदुल्लाह को आउट किया। जबकि नीतीश कुमार रेड्डी ने मेहदी हसन मिराज को आउट कर भारत को बड़ी जीत की ओर अग्रसर कर दिया। भारत की तरफ से मयंक यादव और रवि विश्नोई ने गेंद से कमाल किया। मयंक यादव ने दो तो वहीं विश्नोई ने तीन विकेट लिए।












Click it and Unblock the Notifications