ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ क्यों है टीम इंडिया का पलड़ा भारी, विश्वकप में भारत के सफर पर एक नजर
Inida vs Australia: विश्वकप के फाइनल में भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच भिड़ंत देखने को मिलेगी। एक तरफ जहां टीम इंडिया विजय रथ पर सवार है और लगातार 10 मैच जीतकर विश्वकप के फाइनल में पहुंची है तो दूसरी तरफ ऑस्ट्रेलिया की टीम शुरुआती दो मैच हारने के बाद लगातार 8 मैच जीतकर विश्वकप के फाइनल में पहुंची है।
दोनों टीमों की बात करें तो भारत का पलड़ा निसंदेह भारी नजर आता है। टीम इंडिया के सभी 11 खिलाड़ी जबरदस्त फॉर्म में हैं। जबकि ऑस्ट्रेलिया की टीम में अभी भी कुछ खामी नजर आती है जिसे भारतीय टीम फाइनल मैच में भुनाना चाहेगी।

टॉप फॉर्म में बल्लेबाजी
इस विश्वकप में विराट कोहली, रोहित शर्मा, केएल राहुल, श्रेयस अय्यर, शुभमन गिल जबरदस्त फॉर्म मे हैं। निचले वहीं सूर्य कुमार यादव ने कुछ अच्छी पारियां टीम के हित में खेली हैं। गेंदबाजों की बात करें तो भारतीय टीम की गेंदबाजी इस समय में सबसे बेहतर नजर आती है।
जबरदस्त गेंदबाजी
जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शामी, मोहम्मद सिराज की तिकड़ी ने विरोधी टीम के बल्लेबाजों में दहशत कायम करने का काम किया है। जबकि कुलदीप यादव और रवींद्र जडेजा की फिरकी अभी भी बल्लेबाजों के लिए मुश्किल परीक्षा है।
टॉप क्लास फील्डिंग
फील्डिंग की बात करें तो इस विश्वकप में भारतीय टीम की फील्डिंग टॉप क्लास रही है। ऐसे में भारत की टीम तीनों की क्षेत्र में बेहतर कर रही है, लिहाजा फाइनल मुकाबले में टीम इंडिया ऑस्ट्रेलिया को पटखनी देकर तीसरी बार वनडे विश्वकप अपने नाम करने के इरादे से मैदान में उतरेगी।
विश्वकप में विराट के 711 रन
इस विश्वकप में विराट कोहली अबतक 711 रन बना चुके हैं। 10 पारियो में उन्होंने 101.57 के औसत से यह रन बनाए हैं। इस लिस्ट में रोहित शर्मा 5वें पायदान पर हैं और उनके नाम 550 रन हैं, सातवे पायदान पर श्रेयस अय्यर हैं जिनके नाम 526 रन हैं।
हालांकि रोहित शर्मा इस लिस्ट में पांचवे पायदान पर हैं लेकिन आंकड़े उनके साथ न्याय नहीं करते है। वह जिस तरह से टीम को तेज शुरुआत देते हैं और भारतीय बल्लेबाजी की नींव रखते हैं उसका फायदा टीम के बाकी बल्लेबाजों को मिलता है। रोहित शर्मा लगातार निजी हित से ऊपर उठकर टीम के लिए जबरदस्त बल्लेबाजी कर रहे हैं।
शामी के नाम सर्वाधिक 23 विकेट
इस विश्वकप में मोहम्मद शामी को शुरुआती 4 मैचों में खेलने का मौका नहीं मिला। बांग्लादेश के खिलाफ हार्दिक पांड्या के चोटिल होने के बाद शामी को टीम में जगह मिली और इसके बाद शामी ने पलटकर नहीं देखा। उन्होंने महज 6 मैच में 23 विकेट झटक डालें।
यही नहीं न्यूजीलैंड के खिलाफ मैच में तो उन्होंने 7 विकेट अपने नाम करके विश्वकप के इतिहास में अपनी जगह बना डाली। विश्वकप की पांच सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी प्रदर्शन की बात करें तो शामी पांचवे पायदान पर पहुंच गए है। उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ 7/57 शानदार गेंदबाजी की। शामी के अलावा जलप्रीत बुमराह 18 विकेट लेकर सर्वाधिक विकेट लेने के मामले में इस विश्वकप में छठे पायदान पर हैँ।
इस विश्वकप में भारत का सफर
- ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 6 विकेट से जीत
- अफगानिस्तान के खिलाफ 8 विकेट से जीत
- पाकिस्तान के खिलाफ 7 विकेट से जीत
- बांग्लादेश के खिलाफ 7 विकेट से जीत
- न्यूजीलैंड के खिलाफ 4 विकेट से जीत
- इंग्लैंड के खिलाफ 100 रन से जीत
- श्रीलंका के खिलाफ 302 रन से जीत
- दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 243 रन से जीत
- नीदरलैंड के खिलाफ 160 रन से जीत
- न्यूजीलैंड के खिलाफ 70 रन से जीत












Click it and Unblock the Notifications