1983 से लेकर 2024 तक..., भारत ने इन ICC ट्रॉफी पर जमाया है कब्जा, यहां देखें पूरी लिस्ट
List of ICC Trophies Won by India: रोहित शर्मा की कप्तानी में भारतीय टीम के पास 11 साल का सूखा खत्म करने का मौका आया और उन्होंने ऐसा कर दिया। भारतीय टीम ने 11 साल पहले यानी साल 2013 में आखरी बार आईसीसी ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था। साल 2013 में महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम चैंपियंस ट्रॉफी जीतने में कामयाब रही थी। इसके बाद अब टीम इंडिया एक बार फिर से चैम्पियन बन गई है, टी20 वर्ल्ड कप के फाइनल में भारत ने दक्षिण अफ्रीका को हरा दिया।
साल 2023 में गंवाए मौके
पिछले साल भारतीय टीम के पास दो मौके थे। लेकिन दोनों ही बार भारत को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप में भारतीय टीम ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ फाइनल मुकाबला जीतने में सफल नहीं हो सकी थी। इसके बाद वनडे वर्ल्ड कप 2023 के फाइनल मैच में भी भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा था।

1983 में मिली थी पहली जीत
भारतीय टीम ने अब तक कुल पांच आईसीसी ट्रॉफी अपने नाम की है। साल 1983 में सबसे पहले भारत ने वनडे वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमा कर सभी को हैरान कर दिया था। दरअसल, साल 1983 भारतीय टीम अंडरडॉग मानी जा रही थी। किसी ने भी भारतीय टीम को लेकर यह प्रीडिक्शन नहीं दी थी कि यह टीम वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीत सकती है। लेकिन कपिल देव की कप्तानी में भारत ने इतिहास रचते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।
गांगुली की कप्तानी में जीता था चैंपियंस ट्रॉफी
भारत ने साल 2002 में दूसरा आईसीसी ट्रॉफी जीतने में सफलता हासिल की। सौरव गांगुली की कप्तानी में भारत ने दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। फाइनल में भारत का सामना श्रीलंका से होना था। हालांकि फाइनल मैच बारिश के कारण रद्द हो गया और ऐसे में श्रीलंका और भारत दोनों को संयुक्त विजेता घोषित कर दिए गए थे।
साल 2007 रहेगा याद
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में साल 2007 में भारतीय टीम ने इतिहास रचते हुए टी-20 वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाने का काम किया था। फाइनल मुकाबले में पाकिस्तान को पांच रनों से हराकर भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप जीतने में कामयाबी हासिल की थी।
साल 2011 में भारत ने मारी थी बाजी
एक बार फिर से महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम करने में सफल रही। साल 2011 का वनडे वर्ल्ड कप भारत में ही खेला गया था। फाइनल मुकाबले में श्रीलंका को हराकर भारतीय टीम ने वर्ल्ड कप की ट्रॉफी पर कब्जा जमाया था।
11 साल पहले मिली थी आईसीसी ट्रॉफी
भारतीय टीम ने आखिरी बार साल 2013 में चैंपियंस ट्रॉफी का खिताब जीतने में सफलता हासिल की थी। भारत और इंग्लैंड के बीच साल 2013 का फाइनल मुकाबले में भारतीय टीम ने कमाल का प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की थी। यह मुकाबला लो-स्कोरिंग रहा जिसे भारत ने पांच रनों से अपने नाम कर लिया।
महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारतीय टीम तीन बार आईसीसी ट्रॉफी पर कब्जा जमा चुकी है। साल 2007 टी-20 वर्ल्ड कप, साल 2011 वनडे वर्ल्ड कप और साल 2013 चैंपियंस ट्रॉफी इन तीनों ही मौके पर महेंद्र सिंह धोनी भारतीय टीम की कप्तानी कर रहे थे।
यहां देखें पूरी लिस्ट
वनडे विश्व कप 1983
चैंपियंस ट्रॉफी 2002
टी20 विश्व कप 2007
वनडे विश्व कप 2011
चैंपियंस ट्रॉफी 2013
टी20 वर्ल्ड कप 2024












Click it and Unblock the Notifications