IND vs PAK: एशिया कप में फिर भिड़ेगा भारत-पाकिस्तान! रविवार को हो सकता है रोमांचक मैच; पढ़ें पूरा समीकरण
अगर सारे समीकरण ठीक बैठते हैं तो भारत और पाकिस्तान के बीच अगले रविवार को भी एक हाई वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है।
नई दिल्ली, 29 अगस्त: एशिया कप 2022 का दूसरा मुकाबला रविवार को भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला गया। भारत के कप्तान रोहित शर्मा ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ने 19.5 ओवर में 10 विकेट खोकर 147 रन बनाए। जवाब में भारत ने 148 रन बनाकर 5 विकेट से मुकाबले को जीत लिया। आखिरी ओवर तक चलने वाले इस रोमांचक मुकाबले में हार्दिक पांड्या ने छक्का लगाकर भारत को जीत दिलाई। इस तरह भारत ने पाकिस्तान से टी20 विश्वकप 2021 में मिली हार का बदला भी ले लिया।

एक बार और हो सकता भारत-पाक मैच
भारत-पाकिस्तान के बीच मुकाबले का क्रिकेट फैंस का बेसब्री से इंतजार रहता है। पाकिस्तान की हार के बाद भारतीय फैंस की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। देश के साथ ही विदेश में भी भारतीय टीम के समर्थकों ने जमकर जश्न मनाया। दुबई स्टेडियम के बाहर भी आतिशबाजी देखने को मिली। फैंस की यह खुशी जल्द ही दोगुनी हो सकती है। अगर सारे समीकरण ठीक बैठते हैं तो भारत और पाकिस्तान के बीच अगले रविवार को भी एक हाई वोल्टेज मुकाबला देखने को मिल सकता है। आइए समझते हैं कि इस महामुकाबले के लिए किस टीम की जीत और किसकी हार होना जरूरी है।

अपने ग्रुप में टॉप पर रहे भारत-पाक
एशिया कप 2022 में दो ग्रुप हैं। पहले ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान और हांगकांग की टीम है, वहीं ग्रुप बी में बांग्लादेश, अफगानिस्तान और श्रीलंका। भारत ने पाकिस्तान को हरा दिया है। अब 31 अगस्त को टीम इंडिया का मुकाबला हांगकांग से होगा। इस मैच में भी भारत की जीत लगभग तय मानी जा रही है। अगर ऐसा होता है तो भारत ग्रुप ए में टॉप पर होगा। वहीं 2 सिंतबर को पाकिस्तान और हांगकांग के बीच भिड़ंत होगी। अगर पाकिस्तान इस मैच को जीतता है तो वह ग्रुप ए में दूसरे पायदान पर पहुंच जाएगा।

3 सिंतबर से सुपर-4 के मुकाबले
सुपर-4 स्टेज में ग्रुप ए और ग्रुप बी की टॉप 2 टीमें जगह बनाएंगी। यानी भारत और पाकिस्तान का अपने ग्रुप से सुपर-4 में पहुंचना लगभग तय है। 3 सितंबर से सुपर-4 स्टेज के मैच शुरू होंगे। ग्रुप बी की टॉप-2 टीमें 3 सितंबर को आमने-सामने होंगी। वहीं 4 सितंबर को ग्रुप ए की टॉप-2 टीमों के बीच मुकाबला होगा। यदि सारे समीकरण ठीक रहते हैं तो 4 सितंबर, रविवार को एक बार फिर भारत-पाकिस्तान के बीच हाई वोल्टेज मैच देखने को मिलेगा। भारत और पाकिस्तान हांगकांग को आसानी से हरा सकते हैं, ऐसे में इस महामुकाबले के चांस बढ़ जाते हैं।

एशिया कप 2022 का शेड्यूल
- 27 अगस्त: श्रीलंका बनाम अफगानिस्तान (अफगानिस्तान 8 विकेट से जीता)
- 28 अगस्त: भारत बनाम पाकिस्तान (भारत 5 विकेट से जीता)
- 30 अगस्त: बांग्लादेश बनाम अफगानिस्तान
- 31 अगस्त: भारत बनाम हॉन्ग कॉन्ग
- 1 सितंबर: श्रीलंका बनाम बांग्लादेश
- 2 सितंबर: पाकिस्तान बनाम हॉन्ग कॉन्ग
- बी1 बनाम बी2: सुपर 4 मैच- 3 सितंबर
- ए1 बनाम ए2: सुपर 4 मैच- 4 सितंबर
- ए1 बनाम बी1: सुपर 4 मैच- 6 सितंबर
- ए2 बनाम बी2: सुपर 4 मैच- 7 सितंबर
- ए1 बनाम बी2: सुपर 4 मैच- 8 सितंबर
- बी1 बनाम ए2: सुपर 4 मैच- 9 सितंबर
- फाइनल (पहला सुपर 4 बनाम दूसरा सुपर 4)- 11 सितंबर












Click it and Unblock the Notifications