'मैं अंबानी और जसप्रीत बुमराह को IPL छोड़ने को मना लेता', आखिर किस पर फूटा भारतीय दिग्गज का गुस्सा?
Mukesh Ambani and Jasprit Bumrah: भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज दिलीप वेंगसरकर ने तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के वर्कलोड मैनेजमेंट को लेकर बड़ा बयान दिया है। वेंगसरकर का मानना है कि बुमराह को इंग्लैंड के खिलाफ हाल ही में खत्म हुई एंडरसन-तेंदुलकर ट्रॉफी 2025 की पांचों टेस्ट मैचों में खेलना चाहिए था। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि बुमराह की देश के प्रति प्रतिबद्धता पर सवाल नहीं उठाया जा सकता, क्योंकि वह चोट से वापसी कर रहे हैं।
आईपीएल से ज्यादा देश जरूरी (Mukesh Ambani and Jasprit Bumrah)
वेंगसरकर ने कहा कि बीसीसीआई, चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को मुंबई इंडियंस (एमआई) के मालिक मुकेश अंबानी को मनाना चाहिए था कि बुमराह आईपीएल 2025 में हिस्सा न लें या फिर कम मैच खेलें। ताकि वह इंग्लैंड टेस्ट सीरीज़ के लिए पूरी तरह फिट और फ्रेश रहें। उनके मुताबिक, आईपीएल के मुकाबले ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज़ का प्रदर्शन लंबे समय तक याद किया जाता है।

मुकेश अंबानी और बुमराह को लेकर कही ये बात
उन्होंने कहा कि अगर मैं चीफ सेलेक्टर होता तो मैं मुकेश अंबानी और बुमराह को समझाता कि इंग्लैंड सीरीज़ के लिए आईपीएल छोड़ना जरूरी है। मुझे यकीन है कि वे मान जाते। आखिरकार, आईपीएल में लिए गए विकेट या बनाए गए रन कौन याद रखता है? लेकिन लोग मोहम्मद सिराज की इस सीरीज़ में 23 विकेट, शुभमन गिल के 754 रन, केएल राहुल के 532 रन, यशस्वी जायसवाल और ऋषभ पंत की शानदार बल्लेबाजी और वॉशिंगटन सुंदर के ऑलराउंड प्रदर्शन को हमेशा याद रखेंगे।
भारतीय टीम जीत सकती थी सीरीज
वेंगसरकर का मानना है कि इस तरह की पांच मैचों की टेस्ट सीरीज़ चार साल में एक बार होती है, और भारत को अगली बार जनवरी 2027 में ही ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐसी सीरीज़ मिलेगी। उनका मानना है कि अगर बुमराह सभी टेस्ट खेलते तो भारत सीरीज़ जीत सकता था। हालांकि, वेंगसरकर ने बुमराह की आलोचना करने वालों को भी जवाब दिया।
एशिया कप से बाहर रह सकते हैं बुमराह
उन्होंने कहा कि हमें याद रखना चाहिए कि बुमराह की पीठ की सर्जरी हो चुकी है और उनकी पीठ संवेदनशील है। वह हमेशा भारत के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ देते हैं, इसलिए उनकी प्रतिबद्धता पर सवाल उठाना गलत है। मुझे उम्मीद है कि वह पूरा आराम लेकर और पूरी फिटनेस के साथ वापसी करेंगे। इसी बीच रिपोर्ट्स के अनुसार बुमराह एशिया कप 2025 से बाहर रह सकते हैं। अगर ऐसा हुआ तो यह भारतीय टीम के लिए बड़ा झटका होगा।












Click it and Unblock the Notifications