T20 World Cup 2022: कपिल देव ने टीम इंडिया का घटाया मनोबल! कहा- सेमीफाइनल में जाने के सिर्फ 30 प्रतिशत चांस
T20 World Cup 2022 में भारत का पहला मैच 23 अक्टूबर को पाकिस्तान से है। टीम इंडिया को ना सिर्फ इस हाईवोल्टेज मुकाबले के लिए जीत का प्रबल दावेदार माना जा रहा है बल्कि विश्व कप जीतने के लिए भी टीम इंडिया हर किसी की फेवरेट है, लेकिन पूर्व भारतीय कप्तान कपिल देव का कुछ और ही मानना है। कपिल देव ने विश्व कप 2022 में भारत की संभावनाओं को लेकर चौंकाने वाला दावा किया है। कपिल देव का कहना है कि भारतीय टीम के सेमीफाइनल में पहुंचने की केवल 30 प्रतिशत संभावनाएं हैं।

क्या कहा है कपिल देव ने?
कपिल देव का यह बयान कहीं न कहीं टीम इंडिया के मनोबल को गिराने का काम कर सकता है। कपिल देव लखनऊ में एक कार्यक्रम में बोल रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा, "टी 20 क्रिकेट में एक मैच जीतने वाली यह टीम अपना अगला मैच हार जाती है, इसलिए भारत के विश्व कप जीतने की संभावनाओं के बारे में कुछ कहना बहुत मुश्किल है। यहां मुद्दा यह है कि क्या टीम इंडिया सेमीफाइनल में पहुंचेगी तो इस बारे में भी कुछ भी कहना मुश्किल है। मैं इस बात के लिए चिंतिंत हूं कि भारत के सेमीफाइनल में जाने की केवल 30 प्रतिशत संभावनाएं हैं।
हार्दिक पांड्या उपयोगी साबित हो सकते हैं- कपिल देव
कपिल देव ने इस दौरान भारतीय टीम में ऑलराउंडरों के महत्व को लेकर खुलकर बात की। कपिल देव ने कहा कि आप अपनी टीम में ऑलराउंडर्स के अलावा और क्या चाहते हैं, जो आपको ना सिर्फ वर्ल्ड कप में बल्कि दूसरे टूर्नामेंट या सीरीज में भी मैच जिताकर देते हैं। इस दौरान कपिल देव ने हार्दिक पांड्या को लेकर बड़ी बात कही। उन्होंने कहा कि हार्दिक जैसा खिलाड़ी भारत के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है।
आपको बता दें कि भारतीय टीम 23 अक्टूबर को टी20 विश्व कप में अपने सफर का आगाज करेगी। इससे पहले भारत ने एक वॉर्म अप मैच में ऑस्ट्रेलिया को हराया है। न्यूजीलैंड के खिलाफ दूसरा वॉर्म अप मैच बारिश की वजह से रद्द हो गया।












Click it and Unblock the Notifications