'45 रातों से नहीं आई चैन की नींद', वर्ल्ड कप जीत के बाद रो पड़ीं स्मृति मंधाना, जुबां पर आई दिल की बात
IND W vs SA W Smriti Mandhana: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने रविवार 2 नवंबर को इतिहास रचते हुए वनडे वर्ल्ड कप का खिताब अपने नाम किया। नवी मुंबई के डी वाई पाटिल स्टेडियम में 2 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका को 52 रनों से हराकर 'विमेन इन ब्लू' ने अपना पहला 50 ओवर का महिला वर्ल्ड कप खिताब जीता। भारत तीसरी बार वनडे वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंची थी और इस दफा टीम ने अपना सपना साकार किया।
स्मृति मंधाना की आंखों में खुशी के आंसू (IND W vs SA W Smriti Mandhana)
मैच के दौरान कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शानदार कैच लेकर दक्षिण अफ्रीका की पारी समाप्त की, जिससे पूरा देश खुशी में डूब गया। जीत के बाद भारतीय टीम की उप-कप्तान स्मृति मंधाना खुशी से अभिभूत थीं। उनकी आंखों में खुशी के आंसू थे क्योंकि वह इस पल को बयां करने की कोशिश कर रही थीं। स्मृति मंधाना का प्रदर्शन इस पूरे टूर्नामेंट के दौरान शानदार रहा था।

मंधाना का वर्ल्ड कप रहा शानदार
पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में मंधाना ने कहा कि मुझे अब तक समझ नहीं आ रहा कि मैं कैसे रिएक्ट करूं। हम वर्ल्ड चैंपियन बन गए हैं, लेकिन अभी भी यकीन नहीं हो रहा। मैं क्रिकेट मैदान पर शायद ही कभी इतनी भावुक हुई हूं, लेकिन यह पल वाकई अविश्वसनीय है। अपने घर में वर्ल्ड कप जीतना... और जब स्क्रीन पर 'Champions - India' लिखा देखा, तो मैं उसे समझ ही नहीं पा रही थी।
जीत दर्ज करने के पीछे की मेहनत
उन्होंने पिछले 40 दिनों से लगातार फैंस से मिलने वाले सपोर्ट को धन्यवाद दिया। इसके साथ ही कहा कि हर वर्ल्ड कप में हम जाते हैं और कई बार हमें निराशा झेलनी पड़ी है। लेकिन हमें हमेशा यह एहसास रहा कि महिला क्रिकेट की ज़िम्मेदारी हमारे कंधों पर है। पिछले डेढ़ महीने में हमें जो सपोर्ट मिला है, वह शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। पिछले 40 दिनों का सफर बहुत भावनात्मक रहा। हर दिन मेहनत, उम्मीद और तनाव से भरा था। मैंने लगभग 45 दिनों से चैन की नींद नहीं ली, लेकिन अगर उस नींद की कीमत वर्ल्ड कप ट्रॉफी है, तो मैं खुशी-खुशी ये स्वीकार करती हूं। अपनी इस बातचीत के दौरान मंधाना की आंखों में खुशी के आंसू साफ दिखाई दे रहे थे।
हर खिलाड़ी ने निभाया अपना रोल
वर्ल्ड कप में मंधाना ने 434 रन बनाकर टॉप-स्कोर रहीं। जबकि जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत ने सेमीफाइनल में मैच जिताऊ पारियां खेलीं। दीप्ति शर्मा ने 22 विकेट लिए, जिसमें फाइनल में 5 विकेट और एक अर्धशतक शामिल था। शैफाली वर्मा, ऋचा घोष और अमनजोत कौर का भी अहम योगदान रहा।












Click it and Unblock the Notifications