वर्ल्ड कप जीतने के बाद भारत की शर्मनाक हार, जिम्बाब्वे के खिलाफ इतिहास रचने से चूके शुभमन गिल
IND vs ZIM 1st T20I Highlights: पांच मैचों की टी-20 सीरीज के पहले मुकाबले में जिम्बाब्वे के खिलाफ भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम जिम्बाब्वे के खिलाफ पहला मैच 13 रनों से गंवा बैठी। पहले मुकाबले में भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह से फ्लॉप रहे। 29 जून को भारतीय टीम ने टी-20 वर्ल्ड कप 2024 का खिताब अपने नाम किया था। लेकिन वर्ल्ड कप की ट्रॉफी जीतने के कुछ दिनों के भीतर ही आईसीसी में मौजूद 12वीं रैंक की जिम्बाब्वे की टीम ने भारत को हराकर एक बड़ा उलटफेर कर दिया है।
फ्लॉप रहे भारतीय बल्लेबाज
इस मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 115 रन बनाए। जिसके जवाब में भारतीय टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 102 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भारत की तरफ से कप्तान शुभमन गिल और ऑलराउंडर खिलाड़ी वॉशिंगटन सुंदर के बल्ले से ही रन निकले। बाकी सभी खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से निराश किया।

जिम्बाब्वे को मिली तीसरी जीत
8 साल पहले जिम्बाब्वे ने भारत को टी-20 इंटरनेशनल मुकाबले में हराने में कामयाबी हासिल की थी। भारतीय टीम के कप्तान अजिंक्य रहाणे थे। अजिंक्य रहाणे की कप्तानी में भारतीय टीम साल 2015 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 10 रनों से मुकाबला गंवा बैठी थी। इसके बाद साल 2016 में एक बार फिर भारतीय टीम जिम्बाब्वे दौरे पर गई थी। इस दौरान भारतीय टीम की कप्तान महेंद्र सिंह धोनी के हाथों में थी। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भी भारतीय टीम को जिम्बाब्वे के खिलाफ दो रनों से हार का सामना करना पड़ा था। जिम्बाब्वे ने भारत के खिलाफ यह तीसरी जीत दर्ज की है।
इतिहास रचने से चूके गिल
भारत और जिम्बाब्वे के बीच पांच मैचों की टी-20 सीरीज के चार मुकाबले अभी बचे हुए हैं। ऐसे में शुभमन गिल की कोशिश आने वाले मुकाबले में दमदार प्रदर्शन करने की होगी। शुभमन गिल के अलावा युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा और रियान पराग से भी टीम को खासी उम्मीदें होगी। जिम्बाब्वे के खिलाफ शुभमन गिल मुकाबला जीतने के साथ ही एक बड़ा रिकॉर्ड बनाने वाले थे। लेकिन मैच हारने के साथ ही वह इतिहास रचने से भी चूक गए। दरअसल टीम इंडिया के पास इस मुकाबले को जीत कर टी-20 इंटरनेशनल में लगातार सबसे अधिक जीत दर्ज करने का रिकॉर्ड बनाने का मौका था लेकिन ऐसा नहीं हो सका।












Click it and Unblock the Notifications