इस सीरीज में रोहित को मिला डेक हिट करने वाला एक बॉलर, चहल-यादव जैसे स्पिनरों का भरोसा
अहमदाबाद, 11 फरवरी: भारतीय टीम ने वेस्टइंडीज के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का तीसरा मुकाबला भी जीत लिया है और कैरेबियाई टीम का सूपड़ा साफ करके वनडे सीरीज 3-0 से जीत ली है। भारत ने तीसरे मैच में टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 50 ओवर में 265 रन बनाए थे लेकिन वेस्टइंडीज की टीम 37.1 ओवर में 169 रन बनाकर ही ढेर हो गई और टीम इंडिया को 96 रनों की बढ़िया जीत मिली। भारतीय कप्तान रोहित शर्मा के लिए यह फुल टाइम वनडे कप्तानी की शानदार शुरुआत है और उन्होंने क्लीन स्वीप के साथ अपने करियर का एक और चैप्टर खोल दिया है।

कप्तानी के रिकॉर्ड पर ज्यादा ध्यान नहीं
श्रंखला जीतने के बाद रोहित शर्मा ने कप्तानी के रिकॉर्ड पर ज्यादा ध्यान नहीं देने पर जोर दिया है लेकिन वे इस बात से खुश हैं कि भारतीय टीम ने इस सीरीज में काफी अच्छा खेल दिखाया। रोहित शर्मा खासकर तेज गेंदबाजों के साथ काफी खुश नजर आए और उन्होंने यह स्वीकार किया कि प्रसिद्ध कृष्णा ने जिस तरह से पिछले मैच में स्पैल डाला था वैसा उन्होंने भारत में किसी तेज गेंदबाज को डालते नहीं देखा। बता दें प्रसिद्ध कृष्णा ने दूसरे वनडे मुकाबले में 9 ओवर में 12 रन देकर चार विकेट लिए थे। कृष्णा इस मुकाबले में भी शानदार नजर आए और उन्होंने इस बार भी मिडिल ऑर्डर की बखिया उधेड़ ते हुए 3 विकेट हासिल किए। कृष्णा इस सीरीज के खिलाड़ी साबित हुए और उनको प्लेयर ऑफ द सीरीज दिया गया है।

प्रसिद्ध कृष्णा सीरीज का खोज-
रोहित शर्मा ने कृष्णा के बारे में आगे बात करते हुए कहा कि वह एक ऐसे गेंदबाज हैं जो डेक को हिट करते हैं और बाउंस प्राप्त करते हैं। हालांकि रोहित स्वीकार करते हैं कि परिस्थितियां भी तेज गेंदबाजों के कुछ माकूल थी और यह पूरी तरह से भारतीय कंडीशन नहीं थी। इसके अलावा मोहम्मद सिराज ने भी अपनी गेंदबाजी से प्रभावित किया और रोहित का मानना है कि ठाकुर और दीपक चौहान ने भी बढ़िया काम किया है। पेसरों पर बात करने के बाद रोहित ने कुलदीप यादव और चहल को भारत के अहम खिलाड़ी बताया है। बता दे इस सीरीज में कुलदीप यादव और चहल दोनों को खिलाया गया था और सीरीज के तीसरे मुकाबले में चहल को बाहर करके कुलदीप यादव को मौका दिया गया था जिन्होंने निराश नहीं करते हुए 2 विकेट चटकाए।

कुलचा में कुलदीप काफी अहम-
रोहित कुलदीप को काफी अहम बताते हैं और कहते हैं कि चहल तो पहले से ही प्लान में थे और कुलदीप कुछ समय के लिए रडार से बाहर थे। ऐसे में उनकी वापसी धीरे-धीरे कराना महत्वपूर्ण था। इसके अलावा भारतीय टीम ने इस मैच में जिस तरीके से जीत दर्ज की है उस लिहाज से भी मैच काफी महत्वपूर्ण है क्योंकि रोहित, धवन और कोहली जैसे मंजे हुए अनुभवी बल्लेबाज इस बार फेल हो गए थे लेकिन मिडिल ऑर्डर ने बेहतरीन काम किया। श्रेयस अय्यर ने 80 और ऋषभ पंत ने 56 रन बनाए तो वहीं लोअर ऑर्डर पर वाशिंगटन सुंदर और दीपक चौहान ने बढ़िया बल्लेबाजी की। रोहित मानते हैं कि इस मुकाबले में भारतीय टीम के लिए सबसे अच्छी बात यही रही कि टॉप ऑर्डर धराशाई हो गया था लेकिन मिडिल ऑर्डर अपनी जिम्मेदारी को निभाता चला गया। रोहित कहते हैं कि हम 40 रन पर तीन विकेट गंवा चुके थे लेकिन फिर भी जीत गए और मेरे लिए यही इस मैच की सबसे बड़ी बात है।












Click it and Unblock the Notifications