IND vs WI: अश्विन ने कहर बरपाते हुए वेस्टइंडीज को अकेले चटाई धूल, 12 विकेट लेकर भारत को जिताया
IND vs WI: स्टइंडीज को पारी और 141 रनों के बड़े अंतर से हरा दिया। दूसरी पारी में खेलते हुए विंडीज 130 रनों के कुल स्कोर पर आउट हो गई। अश्विन ने दूसरी पारी में कहर बरपाते हुए 7 विकेट हासिल किये। जीत के साथ भारत ने दो मैचों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली।
दिन की शुरुआत में यशस्वी जायसवाल ने तेजी से बैटिंग करते हुए 150 रन पूरे किये। वह दोहरे शतक की तरफ बढ़ रहे थे लेकिन अल्जारी जोसेफ ने उनको 171 रनों के निजी स्कोर पर आउट कर दिया। अजिंक्य रहाणे 3 रन के निजी स्कोर पर आउट होकर चलते बने।

कोहली और जडेजा ने स्कोर आगे बढ़ाते हुए अर्धशतकीय भागीदारी की। कोहली लंच के बाद 76 रन के निजी स्कोर पर कॉर्नवॉल की गेंद पर आउट होकर चलते बने। कोहली के पास शतक का मौका था लेकिन वह ऐसा नहीं कर पाए। लंच के बाद रोहित शर्मा ने 5 विकेट पर 421 के स्कोर पर पारी घोषित कर दी। जडेजा 37 और ईशान किशन 1 रन बनाकर नाबाद लौटे।
दूसरे सेशन में वेस्टइंडीज ने दूसरी पारी में बल्लेबाजी करते हुए ब्रैथवेट और तेगनारायण 7-7 रन बनाकर आउट हो गए। तीसरे सेशन में भी स्थिति में कोई बदलाव नहीं आया। ब्लैकवुड को अश्विन ने 5 रन के निजी स्कोर पर पवेलियन भेज दिया। उनके बाद रैमन रिफर को जडेजा ने 11 के स्कोर पर आउट कर स्कोर 32/4 कर दिया।
विकेटकीपर बल्लेबाज जोशुआ डा सिल्वा 13 के निजी स्कोर पर आउट हो गए। एलिक अथान्जे पहली पारी की तरह इस बार भी कुछ देर टिके लेकिन उनको 28 के निजी स्कोर पर अश्विन ने आउट कर दिया। वह छठे विकेट के रूप में आउट हुए और स्कोर 78 रन था। कुछ देर बाद अल्जारी जोसेफ के रूप में विंडीज को सातवाँ झटका लगा। अश्विन ने अपनी फिरकी के जाल में कॉर्नवॉल को भी फंसा लिया और वेस्टइंडीज का आठवां विकेट भी गिर गया। इस तरह अश्विन ने 34वीं बार 5 विकेट हॉल लिया। मैच में उनके 10 विकेट हो गए।
अश्विन की स्पिन गेंदबाजी के जाल में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज बुरी तरह फंस गए और कीमार रोच आते ही बिना खाता खोले चलते बने। वॉरीकैन ने आते ही कुछ शॉट जड़े लेकिन अश्विन ने उनको भी 18 के निजी स्कोर पर आउट कर सातवाँ विकेट झटका। मैच में उन्होंने 12 विकेट झटके। दूसरी पारी में जडेजा ने 2 विकेट झटके, विंडीज को एक पारी और 141 रनों से हार का सामना करना पड़ा।












Click it and Unblock the Notifications