IND vs WI 2nd T20: 20 ओवर भी पूरे नहीं खेल पाए भारतीय बल्लेबाज, वेस्टइंडीज को मिला 139 का लक्ष्य
सेंट किट्स, अगस्त 01। दूसरे टी20 मुकाबले में वेस्टइंडीज की घातक गेंदबाजी के आगे भारतीय बल्लेबाजों ने घुटने टेक दिए हैं। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने आई टीम इंडिया पूरे 20 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाई और 19वें ओवर में 138 रन बनाकर पूरी टीम ऑलआउट हो गई। भारत ने वेस्टइंडीज को 139 रन का लक्ष्य दिया है। मेजबान टीम की ओर से ओबेड मैकॉय ने सबसे अधिक 6 विकेट लिए हैं। 2 विकेट जेसन होल्डर को मिले हैं। भारत की तरफ से सबसे अधिक 31 रन हार्दिक पांड्या ने बनाए।

गोल्डन डक का शिकार हुए रोहित शर्मा
वेस्टइंडीज ने टी20 सीरीज में जबरदस्त वापसी की है। विंडीज के गेंदबाजों के आगे भारतीय बल्लेबाज पूरी तरह से पस्त नजर आए। कप्तान रोहित शर्मा तो आज गोल्डन डक का शिकार हो गए। वेस्टइंडीज की तरफ से ओबेड मैकॉय मैच की पहली गेंद डालने के लिए आए थे। इस गेंद पर ही रोहित शर्मा बिना खाता खोले ही आउट हो गए।

फ्लॉप रही भारत की बल्लेबाजी
भारत की तरफ से आज कोई भी बल्लेबाज अच्छी पारी नहीं खेल पाया। ओपनिंग में रोहित शर्मा के साथ-साथ सूर्यकुमार यादव भी आज फ्लॉप रहे और सिर्फ 11 रन बनाकर आउट हो गए। श्रेयस अय्यर ने 10, पंत ने 24, पांड्या ने 31 और जडेजा ने 27 रन का योगदान दिया। बतौर फिनिशर दिनेश कार्तिक भी आज फ्लॉप रहे, क्योंकि उन्होंने 13 गेंदों का सामना किया और सिर्फ 7 रन बनाकर आउट हो गए। दिनेश कार्तिक 18वें ओवर में हिटिंग करने के चक्कर में आउट हो गए।

विंडीज की घातक गेंदबाजी
वेस्टइंडीज की ओर से ओबेड मैकॉय ने भारत को शुरुआती झटके देने का काम किया था। रोहित और सूर्यकुमार यादव का विकेट मैकॉय ने ही निकाला था। इसके बाद अल्जारी जोसेफ, जेसन होल्डर और अकिल हुसैन ने भी मैकॉय की अच्छी शुरुआत को जारी रखा और भारत के लगातार विकेट गिरते रहे। मैकॉय के अलावा होल्डर को 2 और जोसेफ और हुसैन को 1-1 विकेट मिला।












Click it and Unblock the Notifications