IND vs SL: वसीम जाफर ने प्लेइंग XI में बदलाव की उठाई मांग, कहा- गिल को बाहर कर गायकवाड़ को लाएं टीम में
शुभमन गिल श्रीलंका के खिलाफ पिछले दो टी20 मुकाबलों में फ्लॉप रहे हैं। सीरीज के आखिरी मैच में गिल की जगह गायकवाड़ को शामिल किया जा सकता है।

भारत और श्रीलंका के बीच तीन टी20 मैचों की सीरीज का निर्णायक मुकाबला आज राजकोट में शाम 7 बजे से खेला जाएगा। सीरीज अभी 1-1 की बराबरी पर है और जो टीम आज जीत दर्ज करेगी वो सीरीज भी अपने नाम कर लेगी। भारतीय टीम के कप्तान हार्दिक पांड्या के सामने आज के मैच में प्लेइंग इलेवन चुनना वाकई मुश्किल काम होगा, क्योंकि पिछले 2 मुकाबलों में कुछ खिलाड़ी ऐसे हैं, जिनका प्रदर्शन निराशाजनक ही रहा है और ऐसे में उन खिलाड़ियों की टीम में जगह मुश्किल नजर आ रही है। टीम के ओपनर बल्लेबाज शुभमन गिल उसमें से एक हैं। शुभमन गिल दोनों टी20 मुकाबलों में फ्लॉप रहे हैं। ऐसे में उन्हें टीम से बाहर किया जा सकता है।
गायकवाड़ को मिलना चाहिए मौका- जाफर
तीसरे टी20 के लिए टीम इंडिया में बतौर ओपनर ऋतुराज गायकवाड़ को शामिल किए जाने की चर्चा सबसे अधिक चल रही है। पूर्व भारतीय बल्लेबाज वसीम जाफर ने भी गायकवाड़ के नाम की सिफारिश की है। वसीम जाफर का मानना है कि राजकोट में होने वाले सीरीज के निर्णायक मैच में शुभमन गिल की जगह ऋतुराज गायकवाड़ को खिलाना चाहिए। वसीम जाफर ने कहा है कि उन्होंने घरेलू क्रिकेट में काफी रन बनाए हैं, विजय हजारे ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन शानदार था, इसलिए उन्हें एक मौका मिलना चाहिए। वहीं शुभमन गिल पिछले दो टी20 में खुद को साबित करने में नाकाम रहे हैं।
अर्शदीप को नहीं किया जाए बाहर- जाफर
वसीम जाफर ने ओपनिंग के साथ-साथ गेंदबाजी में कोई बदलाव नहीं करने की बात कही है। दूसरे टी20 में खासे महंगे रहने वाले अर्शदीप सिंह को लेकर वसीम जाफर ने कहा है कि युवा अर्शदीप सिंह के लिए गेंद के साथ भले ही पिछला मैच अच्छा नहीं रहा हो, लेकिन उन्हें मौका देना चाहिए। गेंदबाजी डिपार्टमेंट में छेड़छाड़ करने की कोई जरूरत नहीं है। आपको बता दें कि अर्शदीप ने दूसरे टी20 में पांच नो बॉल फेंकी थी।
वहीं ऋतुराज गायकवाड़ की प्लेइंग इलेवन की दावेदारी इसलिए भी मजूबत नजर आ रही है, क्योंकि उन्होंने विजय हजारे ट्रॉफी में शानदार बल्लेबाजी की थी। गायकवाड़ ने 50 ओवर के फॉर्मेट वाली विजय हजारे ट्रॉफी में 5 मैचों में एक दोहरे शतक समेत पांच शतक लगाए थे।












Click it and Unblock the Notifications