IND vs SL: भारत के सामने श्रीलंका ने की चालाकी, अभ्यास मैच की पिच में दिखाई चतुराई, नाराज हुई टीम इंडिया
SL vs IND: श्रीलंका के खिलाफ टेस्ट सीरीज शुरू होने से पहले टीम इंडिया की नजरें कोलंबो में होने वाले तीन दिवसीय अभ्यास मैच पर हैं। मुकाबला शुरू होने से पहले ही पिच चर्चा का विषय बन गई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक भारतीय टीम ने अभ्यास मैच के लिए तैयार की गई विकेट पर मौजूद घास को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। हालांकि मेजबान पक्ष की ओर से इस पर तुरंत प्रतिक्रिया भी सामने आ गई।
भारतीय टीम 15 अगस्त से गॉल में शुरू होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज की तैयारी कर रही है। ऐसे में खिलाड़ियों को उम्मीद थी कि अभ्यास मैच की विकेट भी श्रीलंका जैसी स्पिन मददगार परिस्थितियों वाली होगी, ताकि बल्लेबाज और स्पिनर दोनों को बेहतर तैयारी का मौका मिले। जब टीम ने कोलंबो के नॉनडिस्क्रिप्ट्स क्रिकेट क्लब (NCC) ग्राउंड की पिच देखी तो उस पर घास की परत दिखाई दी, जिसे लेकर सवाल उठाए गए।

श्रीलंका की ओर से आई सफाई
एनसीसी के अधिकारी ए. फ्रैंके ने इन रिपोर्ट्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि तीन दिन के मुकाबले के लिए पूरी तरह सूखी विकेट तैयार नहीं की जा सकती। उनके मुताबिक पिच पर हल्की घास रखना जरूरी होता है, ताकि मैच के दौरान विकेट संतुलित बनी रहे।
उन्होंने कहा कि भारतीय टीम ने घास को लेकर अपनी बात रखी थी, लेकिन इसके अलावा उन्हें पिच से कोई शिकायत नहीं थी। फ्रैंके का मानना है कि यह एक अच्छी विकेट है और मैच के दौरान दोनों टीमों को बराबर का मौका मिलेगा।
श्रीलंका क्रिकेट के निर्देश पर तैयार हुई पिच
फ्रैंके ने बताया कि विकेट की तैयारी श्रीलंका क्रिकेट के निर्देशों के अनुसार की गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह बल्लेबाजी के लिए भी अच्छी साबित होगी और खिलाड़ियों को लंबी पारी खेलने का मौका मिलेगा। उनका कहना था कि कोलंबो की यह विकेट आमतौर पर बड़े स्कोर के लिए जानी जाती है।
चोटों से भी जूझ रही है टीम इंडिया
भारतीय टीम खिलाड़ियों की चोटों से भी परेशान है। तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह पहले ही बाएं घुटने की चोट के कारण टेस्ट सीरीज से बाहर हो चुके हैं। वहीं हर्षित राणा, नितीश कुमार रेड्डी और वॉशिंगटन सुंदर भी उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में शुभमन गिल की अगुआई वाली टीम के लिए यह अभ्यास मैच काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके बाद सीधे 15 अगस्त से गॉल में पहला टेस्ट खेला जाएगा।


Click it and Unblock the Notifications
