धुंआधार बैटिंग के बाद जडेजा ने कहा- इस खिलाड़ी को मुझ पर भरोसा था, मैं उसे थैंक्यू कहना चाहूंगा
नई दिल्ली, 27 फरवरी: भारत के ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा ने चोट के बाद क्रिकेट में शानदार वापसी की है। जडेजा ने पिछले कुछ सालों में अपनी बैटिंग पर काफी काम किया है। आज वे एक अच्छे हिटर हैं जो बेहतरीन फिनिशिंग भी कर सकते हैं। जडेजा की काबिलियत पर रोहित शर्मा खास भरोसा जता रहे हैं और उनको लगातार ऊपरी क्रम पर बैटिंग करने भेज रहे हैं। भारत ने श्रीलंका के खिलाफ चल रही टी20 सीरीज में जडेजा को ऊपरी क्रम पर खिलाने का फायदा देखा है। श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टी20 में जडेजा ने 18 गेंदों पर 45 रनों की नाबाद पारी खेली।

नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए जडेजा-
जडेजा इस दौरान नंबर 5 पर बल्लेबाजी करने आए थे और उन्होंने भारत को 7 विकेट से जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। जडेजा घुटने की चोट की रिकवरी करने के बाद लौटे हैं। जडेजा ने इस मैच के बाद प्रेस से बातचीत करते हुए कहा, "मैं नंबर पांच पर बल्लेबाजी करने को इंजॉय कर रहा हूं। मैं अपना समय ले सकता हूं और अपनी पारी को स्थिति के हिसाब से गति दे सकता हूं।

मैं रोहित शर्मा को थैंक्यू बोलना चाहूंगा
रविंद्र जडेजा ने कहा कि मैं रोहित शर्मा को थैंक्यू बोलना चाहूंगा क्योंकि वह मुझ पर विश्वास करते हैं और उनको यकीन है कि मैं क्रीज पर जाने के बाद अपनी टीम के लिए रन कर सकता हूं। तो उम्मीद है जब भी मुझे भविष्य में मौका मिलेगा मैं अपना बेस्ट दूंगा। परिस्थितियों के हिसाब से खेलूंगा और टीम में अपना गेम रखूंगा।

घुटने की चोट के बाद बढ़िया वापसी-
यहां बता दें कि रविंद्र जडेजा दक्षिण अफ्रीका और वेस्टइंडीज के खिलाफ दो बड़े इंटरनेशनल असाइनमेंट से चूक गए थे क्योंकि वह घुटने की चोट से रिकवर कर रहे थे जो उनको पिछले साल नवंबर में न्यूजीलैंड के खिलाफ लगी थी। जडेजा ने अपना कमबैक गुरुवार को पहले टी20 मुकाबले में किया था तब उनको नंबर चार पर भेजा गया। यहां पर उन्होंने 4 गेंदों पर नाबाद 3 रन बनाए और भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 199 रनों दर्ज करके 62 रनों की जीत हासिल की थी।

रोहित का एक और फैसला सही-
अपने फैसले को सही ठहराते हुए कप्तान रोहित ने कहा कि वे जडेजा से बैटिंग में और योगदान चाहते हैं क्योंकि रविंद्र एक बहुत अच्छे बल्लेबाज हैं। दूसरे T20I में, भारत ने पावरप्ले के अंदर रोहित (1) और ईशान किशन (16) दोनों को सस्ते में खो दिया, जबकि संजू सैमसन (25 गेंदों में 39) अपनी शुरुआत को बड़े स्कोर में नहीं बदल सके क्योंकि वे 3 विकेट पर 128 रन बनाकर मुश्किल स्थिति में थे। जब जडेजा आए तो आखिरी सात ओवरों में 56 रन बने।

अय्यर के साथ मिलकर असाधारण बैटिंग की-
जडेजा पूरे फ्लो में दिख रहे थे और इन-फॉर्म श्रेयस अय्यर (नाबाद 74) के साथ एक असाधारण बल्लेबाजी प्रदर्शन किया।
उन्होंने कहा, "मैं बेहतर महसूस कर रहा हूं, मुझे भरोसा है और खुशी है कि मैंने अपनी टीम के लिए अच्छी पारी खेली। उम्मीद है कि मैं आगामी खेलों में भी ऐसा ही जारी रखूंगा।"
उन्होंने कहा कि विकेट से भी काफी मदद मिली क्योंकि गेंद बल्ले पर अच्छी तरह आ रही थी।












Click it and Unblock the Notifications