IND vs SL: हार्दिक पांड्या की कप्तानी में अप्रोच प्रभावशाली है, पूर्व भारतीय खिलाड़ी का दावा
हार्दिक पांड्या ने आईपीएल में कप्तानी की है और टीम इंडिया के लिए भी बतौर कप्तान कार्य किया है। उनको लेकर इरफ़ान पठान की तरफ से बड़ी प्रतिक्रिया आई है।

IND vs SL, Hardik Pandya Captaincy: हार्दिक पांड्या ने अपनी कप्तानी का कौशल आईपीएल से लेकर इंटरनेशनल क्रिकेट में दिखाया है। श्रीलंका के खिलाफ होने वाली घरेलू टी20 सीरीज में पांड्या को कप्तान बनाया गया है। यह सीरीज 3 जनवरी से शुरू हो रही है। घरेलू सरजमीं पर पांड्या के लिए खुद को एक शानदार लीडर साबित करने का बेहतरीन मौका है। पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफ़ान पठान को भी बतौर कप्तान हार्दिक पांड्या पसंद आए हैं। पठान ने कहा है कि वह पांड्या की कप्तानी में अप्रोच से प्रभावित हुए हैं।

हार्दिक पांड्या में फुर्ती दिखी है
स्पोर्ट्सकीड़ा की रिपोर्ट के अनुसार हार्दिक पांड्या की कप्तानी से इरफ़ान पठान खुश दिखे हैं। पठान ने कहा कि हार्दिक पांड्या ने चाहे आईपीएल में कप्तानी की हो, या भारतीय टीम के लिए, मुझे कम्यूनिकेशन काफी अच्छा लगा और पांड्या कप्तानी के दौरान फुर्तीले भी थे। पठान ने कहा कि मैं उनकी कप्तानी के रवैये से प्रभावित था लेकिन अगर भारतीय टीम में उनको लम्बे समय तक कप्तान बनाना है, तो फिटनेस का भी खास ध्यान रखना पड़ेगा। आगे बढ़ने के लिए यह एक काफी अहम चीज हो जाती है।

संगकारा ने भी की पांड्या की तारीफ़
पठान के अलावा श्रीलंका के पूर्व दिग्गज क्रिकेटर कुमार संगकारा भी हार्दिक पांड्या की कप्तानी से प्रभावित हैं। पीटीआई के अनुसार संगकारा ने कहा कि हम सभी ने आईपीएल में उनको देखा है और इसमें कोई शक नहीं कि उनकी लीडरशिप उत्कृष्ट है। अब उनको वही चीज राष्ट्रीय टीम में कप्तानी करते हुए लानी है। उनके अंदर एक लीडर बनने के सभी गुण हैं। हालांकि एक कप्तान को लीडर बनना कोई जरूरी नहीं है।

श्रीलंका के खिलाफ भारतीय टी20 टीम
ऋतुराज गायकवाड़, शुभमन गिल, सूर्यकुमार यादव, राहुल त्रिपाठी, हार्दिक पांड्या (कप्तान), दीपक हुड्डा, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, शिवम मावी, ईशान किशन (विकेटकीपर), संजू सैमसन (विकेटकीपर), युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह, हर्षल पटेल, उमरान मलिक और मुकेश कुमार।












Click it and Unblock the Notifications